बोकारो: जिले के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत चीरा चास में एक फौजी के साथ जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित फौजी का आरोप है कि जमीन दलाल ने उनसे पूरी रकम लेकर जमीन की रजिस्ट्री भी उनके नाम पर करा दी, लेकिन जब वह उस जमीन पर घर बनाने पहुंचे तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए उनके साथ और उनके परिवार के साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि फौजी ने चीरा चास इलाके में दलाल के माध्यम से जमीन खरीदी थी। जमीन के लिए उन्होंने पूरी रकम का भुगतान किया और विधिवत रजिस्ट्री भी उनके नाम पर कर दी गई। इसके बाद जब वह जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे तो कुछ स्थानीय लोग वहां पहुंच गए और जमीन को अपना बताते हुए विवाद करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान उन लोगों ने फौजी और उनके परिवार के साथ मारपीट भी की। घटना के बाद पीड़ित फौजी ने कई बार स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी है।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने देश की सेवा की है, लेकिन अपने ही जिले में उन्हें न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है।