खरीफ फसल में बेहतर उत्पादन के लिए प्रखंड मुख्यालय में कृषि कर्मशाला
किसानों को मौसम, तकनीक और बीज चयन पर मिली विशेष जानकारी
पलामू : लेस्लीगंज प्रखंड मुख्यालय में आज खरीफ फसल पर केंद्रित कृषि कर्मशाला का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के किसान और कृषि मित्र शामिल हुए। कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने खरीफ मौसम की चुनौतियों और अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
कर्मशाला का उद्घाटन प्रखंड कृषि पदाधिकारी इश्फाक अहमद और एटीएम अनिल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, कृषक मित्र सहित कई कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने खरीफ फसलों—धान, मक्का, अरहर और मूंगफली—के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीज चयन, समय पर बुवाई, जैविक खाद के प्रयोग और मौसम आधारित सिंचाई के महत्व पर जोर दिया।
मौसम और तकनीक का सही तालमेल ज़रूरी
कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस बार मानसून सामान्य रहने का अनुमान है, ऐसे में समय पर बुवाई कर किसान पैदावार बढ़ा सकते हैं। उन्होंने किसानों को बीज उपचार, पंक्ति विधि और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंप जैसी तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।