Ranchi: गुरुवार को झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा में नक्सलियों के लगाए गए IED में ब्लास्ट की सूचना है। इस विस्फोट 209 कोबरा बटालियन का एक जवान जख्मी हो गया है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, जराइकेला थाना क्षेत्र के कुलापाबुरु में ब्लास्ट हुआ है।
चाईबासा SP आशुतोष शेखर ने सारंडा में ब्लास्ट की पुष्टि की है। बताया कि नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए आईईडी में ब्लास्ट हुआ है।
घायल जवान को इलाज के लिए रांची ले जाया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि छोटानागरा, मनोहरपुर और जराइकेला थाना क्षेत्र के जंगलों में कई वरिष्ठ नक्सली नेता छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और कोबरा की संयुक्त टीम गठित की और 16 सितंबर को नक्सलियों के खिलाफ अभियान शुरू किया।
आज अर्धसैनिक बल छोटानागरा और जराइकेला थाना के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों का पता लगाने में व्यस्त थे, तभी आईईडी में विस्फोट हो गया। विस्फोट के परिणामस्वरूप सुगुमार आर नामक जवान घायल हो गया। घायल जवान कोबरा की 109 बटालियन का है और उसके पूरे शरीर में छर्रे लगे हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों ने तत्काल पीड़ित को बचाया और हेलीकॉप्टर की मदद से उसे रांची पहुंचाया।
प्रेस विज्ञप्ति में पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने कहा है कि घायल जवान की हालत स्थिर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।