NEWS7AIR

चान्हो में चार करोड़ की लागत से बन रहे टाना भगत आश्रम के निर्माण पर सवाल, ग्रामीणों ने मांगी जांच

RANCHI: प्रखंड के रोल पंचायत अंतर्गत ग्राम चलियो बरवाटोली में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे टाना भगत आश्रम गेस्ट हाउस, कॉन्फ्रेंस हॉल एवं चहारदीवारी निर्माण कार्य को लेकर शनिवार को टाना भगतों और ग्रामीणों ने सवाल उठाए। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और सामग्री की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार नहीं हो रहा है। जहां ब्लैक चिप्स का इस्तेमाल होना चाहिए, वहां व्हाइट चिप्स डाला जा रहा है। वहीं, ईंटों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार से एस्टीमेट मांगने पर भी नहीं दिखाया जा रहा है।

बताया गया कि टाना भगत आश्रम का निर्माण पहले ग्राम सोनचिपी में प्रस्तावित था, लेकिन जमीन विवाद के कारण वहां काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद चलियो बरवाटोली निवासी सुक्का भगत ने टाना भगत समाज के हित में अपनी 50 डिसमिल जमीन दान में दी, जिसके बाद यहां निर्माण कार्य शुरू हुआ।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माण स्थल का निरीक्षण करने, एस्टीमेट सार्वजनिक करने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समाज के लिए दान में मिली जमीन पर बन रहे इस महत्वपूर्ण भवन में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.