NEWS7AIR

बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा में दो दिवसीय ‘दीपोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन

राँची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT), मेसरा के लियो क्लब द्वारा स्पिक मैके एवं ध्वनि क्लब के सहयोग से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले दीपावली-पूर्व उत्सव ‘दीपोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और सामाजिक पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा किया गया। उत्सव की शुरुआत स्पिक मैके के कलाकारों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर लियो क्लब एवं लायंस क्लब, राँची के संयुक्त तत्वावधान में हॉस्टल-14 (आर.एस. हॉस्टल) में सेनेटरी वेस्ट डिस्पोजल इन्सिनरेटर मशीन का उद्घाटन भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य परिसर में मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा सैनिटरी अपशिष्ट का सुरक्षित, स्वच्छ एवं जिम्मेदार निस्तारण सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर लायंस क्लब, राँची की अध्यक्ष लायन पूनम सुखेजा, पूर्व अध्यक्ष लायन अजय सुखेजा, प्रथम उपाध्यक्ष लायन मनीष गरोड़िया एवं लायन अभिनव कौशल सहित संस्थान के छात्र मामलों के डीन डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, सहायक डीन डॉ. दिलीप कुमार उपाध्याय एवं डॉ. गौतम शांडिल्य, डॉ. चंचल कुमार मिश्रा, छात्रावास अधीक्षकगण और संकाय सदस्य उपस्थित रहे। पहले दिन का समापन शोरबाग में आयोजित गरबा उत्सव के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उत्सव के दूसरे दिन ‘दिवाली वर्स’ के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इनमें कार्ड-आधारित बिंगो, निर्धारित शर्तों के साथ कपों का पिरामिड बनाना और रंगोली रिले जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। इसके बाद शोरबाग-1 में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। डांस क्लब की ऊर्जावान प्रस्तुति ने माहौल को उत्साह से भर दिया, वहीं लाइव बैंड की प्रस्तुति ने दर्शकों का मनोरंजन किया। समारोह का समापन डीजे ह्रीतम की प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर को संगीत और उल्लास के रंग में रंग दिया।

‘दीपोत्सव 2026’ ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, इस आयोजन ने संस्थान परिसर में दीपावली के उत्सव को आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ मनाने का अवसर प्रदान किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.