अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027 के दाखिले शुरू, स्नातक और स्नातकोत्तर के कई पाठ्यक्रमों में आवेदन आमंत्रित
रांची: अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के बेंगलुरु, भोपाल और रांची स्थित तीनों परिसरों में पूर्णकालिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मानविकी, समाज विज्ञान और विज्ञान सहित विभिन्न अध्ययन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। स्नातक स्तर पर चार वर्षीय पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें विद्यार्थियों के लिए परिसर में रहना अनिवार्य होगा।
स्नातकोत्तर स्तर पर शिक्षा, विकास, अर्थशास्त्र, जन स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल शिक्षा एवं देखभाल तथा जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे विषय शामिल हैं। रांची परिसर में एमए डेवलपमेंट और एमए एप्लाइड इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कराई जाएगी। बेंगलुरु परिसर में शिक्षा, प्रारंभिक बाल शिक्षा एवं देखभाल, विकास, अर्थशास्त्र और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। वहीं, भोपाल परिसर में एमए एजुकेशन और मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ के विकल्प रहेंगे।
स्नातक पाठ्यक्रमों में बेंगलुरु परिसर में अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, इतिहास, दर्शनशास्त्र, राजनीति एवं अर्थशास्त्र, मीडिया और पत्रकारिता के साथ जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, भौतिकी, मनोविज्ञान, सूचना विज्ञान तथा पर्यावरण विज्ञान एवं सतत विकास की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। भोपाल परिसर में अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, इतिहास, समाज विज्ञान, हिंदी अध्ययन और जीवविज्ञान के पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। विश्वविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था में विषय आधारित पढ़ाई के साथ विभिन्न विषयों को जोड़ने वाले वैकल्पिक पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं में काम करने, इंटर्नशिप, विशेषज्ञों की देखरेख में क्षेत्रीय परियोजनाओं, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों में भाग लेने के अवसर दिए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक सहयोग, भाषा विकास और व्यावसायिक कौशल निखारने के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय का करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट कार्यालय विद्यार्थियों को करियर की संभावनाओं को समझने, रोजगार के लिए तैयार होने और नौकरी पाने की प्रक्रिया में सहायता करेगा। आर्थिक रूप से जरूरतमंद चुनिंदा विद्यार्थियों को उनके परिवार की आर्थिक स्थिति और विश्वविद्यालय के निर्धारित मानदंडों के आधार पर वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2027 में प्रवेश के लिए आवेदन विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 20 नवंबर 2026 तक आवेदन जमा करना होगा। प्रवेश परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।