लातेहार: झारखंड के लातेहार जिला स्थित नवागढ़ के कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) में JEEVAN (Jharkhand Empowerment through Edible Value Addition and Nutrition) परियोजना का भव्य उद्घाटन और समापन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का संचालन महाभिनिष्क्रमण उन्नयन संस्थान (MUS) द्वारा किया गया है, जिसे नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन (NSIC) का वित्तीय सहयोग प्राप्त है।
इस विशेष अवसर पर NSIC रांची कार्यालय की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुश्री किरण मारिया तिर्की (तिरु) सहित कई अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुश्री तिर्की ने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान करने की यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाली लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
100 परिवारों की बदलेगी किस्मत
इस परियोजना से सीधे तौर पर 100 जनजातीय महिलाओं और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। नवागढ़ के कॉमन फैसिलिटी सेंटर में महिलाओं को न केवल आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है, बल्कि मखाना, स्थानीय सब्जियों, फलों, मसालों, औषधीय पौधों और अन्य स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण (Processing) एवं मूल्यवर्धन (Value Addition) की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
आत्मनिर्भरता और आजीविका को मिलेगा बल
इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य जनजातीय महिलाओं को आवश्यक कौशल और संसाधन सौंपकर उन्हें स्वरोजगार के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग से उनका बाजार मूल्य बढ़ेगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आजीविका को एक मजबूत आधार मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र में महिला उद्यमिता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।