नाई समाज को संगठित करने गांव-गांव चलेगा अभियान
कथित आपत्तिजनक गीत को लेकर भोजपुरी गायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय
पिस्कानगड़ी: नगड़ी प्रखंड के लालगुटुवा में सोमवार को झारखंड युवा नाई संघ की महत्वपूर्ण बैठक संघ के अध्यक्ष हरिहर ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । इसमें प्रखंड के विभिन्न गांवों से नाई समाज के दर्जनों लोग शामिल हुए। बैठक में समाज को संगठित और मजबूत बनाने के साथ युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नाई समाज विकास समिति के प्रतिनिधि वीरेंद्र प्रमाणिक, अरुण प्रमाणिक, ओमप्रकाश प्रमाणिक व दिनेश लाल ठाकुर तथा रातू प्रखंड युवा नाई संघ के कोषाध्यक्ष अशोक ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रत्येक गांव में बैठक कर लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भोजपुरी गायक गणेश लाजवाब यादव द्वारा नाई समाज और महिलाओं के प्रति कथित आपत्तिजनक एवं अश्लील गीत प्रस्तुत किए जाने को लेकर सदस्यों ने कड़ा आक्रोश जताया। सदस्यों ने कहा कि इस तरह की प्रस्तुति से समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची जिले के विभिन्न थानों में गायक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा समाज के युवाओं द्वारा संचालित सैलून में सेवाओं की एक समान दर निर्धारित करने तथा सप्ताह में में एक दिन बृहस्पतिवार को समाज का हर सैलून दुकान बंद रखने का महत्वपूर्ण निर्णय पर भी सहमति बनी। अगर कोई सदस्य इस निर्णय का विरोध करेंगे उनके विरोध सख्त कार्रवाई के साथ सामाजिक दंड का प्रावधान किया जाएगा
बैठक में अध्यक्ष हरिहर ठाकुर, सचिव सुबोध ठाकुर, कोषाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित लालो कुमार ठाकुर, रुपेश ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, गंगा, रोहित, चंदन, मनोज, अशोक, राहुल, आजेश, लवकुश कमलेश, विनय , कैलाश, पंकज, बजरंग विकास सहित नाई समाज के दर्जनों लोग उपस्थित थे।