NEWS7AIR

सैकड़ों खिलाड़ियों को बांटे गए फलदार व छायादार पौधे, रांची नगर निगम और अर्थ फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलाया हाथ

रांची (30 सितंबर 2026): राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ आज मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के समक्ष एक विशाल वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। रांची नगर निगम की दूरदर्शी पहल और ‘अर्थ फाउंडेशन’ के मजबूत सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड राज्य कबड्डी एसोसिएशन और विभिन्न खेलों के सैकड़ों उदीयमान खिलाड़ियों के बीच फलदार व छायादार पौधों का वितरण किया गया।

सहायक नगर आयुक्त एवं नगर आयुक्त के विशेष दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रांची के पर्यावरण को संतुलित बनाना और आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा व सुंदर वातावरण प्रदान करना है। प्रकृति संरक्षण के इस महाभियान में स्टेडियम के समक्ष उपस्थित सैकड़ों खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने एक सुर में रांची को हरा-भरा रखने और रोपे गए पौधों की जीवनभर देखभाल करने की गंभीर शपथ ली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इस अवसर पर रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम के महत्व को और बढ़ा दिया।

पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने वाले इस कार्यक्रम में खेल जगत के कई दिग्गजों और कोचों ने अपनी भूमिका निभाई। इस दौरान कबड्डी कोच हरीश कुमार, शिव सागर कोच, एथलेटिक कोच राजू साहू, खो-खो कोच तपन कुमार रावत, एथलेटिक कोच सागर कुमार और सुधाकर यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं खिलाड़ियों में मुख्य रूप से प्रदीप तिर्की, सन्नी सिंह, रोहित कुमार, अजीत कुमार, चेतन कुमार, सुधाकर यादव समेत सैकड़ों अन्य खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.