रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता ‘बिरसा वॉलीबॉल लीग–2026’ में बालिका वर्ग में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय एवं बालक वर्ग में रांची कृषि महाविद्यालय विजयी रहे। विजयी टीमों को अधिष्ठाता कृषि डॉ डीके शाही, निदेशक छात्र कल्याण डॉ बीके अग्रवाल तथा सह अधिष्ठाता प्रो डीके रूसिया ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 9-10 सितंबर को किया गया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ माइकल राज एस ने कहा कि खेल में भागीदारी से जीवन में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।समारोह के अध्यक्षता बीएयू के कुलपति डॉ सुनील चंद्र दुबे ने की।
वॉलीबॉल लीग में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के चार महाविद्यालयों—रांची कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, वानिकी महाविद्यालय तथा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने भाग लिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल मैदान, खेल सामग्री, खिलाड़ियों की सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रतियोगिता के आयोजन में विश्वविद्यालय के खेल एवं क्रीड़ा समन्वयक डॉ नीरज कुमार एवं डॉ मनोज बर्णवाल, महाविद्यालयों के खेल प्रभारी डॉ मिंटू जॉब, डॉ राजू प्रसाद, डॉ ज्योतिष केरकेट्टा, डॉ शिवम् मिश्र, डॉ अबसार अहमद, डॉ वंदना चौबे, डॉ कुसमिता धान तथा खेल प्रशिक्षक निरंजन शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।