रांची: बीएयू के कृषि महाविद्यालय खेल मैदान में शुक्रवार को इंटर कॉलेज वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झारखंड के आरक्षी महानिरीक्षक (रेल) डॉ माइकल राज एस ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
अपने संबोधन में उन्होंने खेलों को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षता बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने की। उन्होंने कहा कि खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। झारखंड अग्रणी खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है, बीएयू के विद्यार्थियों को भी इस दिशा में विशेष पहचान बनानी चाहिए।
कृषि संकाय के डीन डॉ डीके शाही ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ बीके अग्रवाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। संचालन विश्वविद्यालय के खेल समन्वयक डॉ नीरज कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ शिवम् मिश्र ने किया।
उद्घाटन के बाद पहला मुकाबला दो प्रमुख टीमों- रांची कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक एवं खेलप्रेमी समारोह में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में छात्रों और छात्राओं की कुल आठ टीमें में भाग ले रही हैं । प्रतियोगिता आगामी पांच दिनों तक चलेगी तथा विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।