किसान आंदोलन के प्रणेता एवं भाकपा (माले) के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारू मजूमदार का शहादत दिवस मनाया गया
Ranchi: आज महेंद्र सिंह भवन स्थित भाकपा (माले) राज्य कार्यालय में किसान आंदोलन के प्रणेता, नक्सलबाड़ी आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार तथा भाकपा (माले) के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारू मजूमदार का शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड चारू मजूमदार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा पार्टी की केंद्रीय कमिटी के आह्वान का सामूहिक पाठ करते हुए की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) झारखंड राज्य सचिव कॉमरेड मनोज भक्त ने कहा कि आज जब देश में कॉरपोरेटपरस्त नीतियों, सांप्रदायिक फासीवादी हमलों और जनविरोधी आर्थिक नीतियों के जरिए मेहनतकश जनता के अधिकारों पर लगातार हमला किया जा रहा है, तब कॉमरेड चारू मजूमदार की क्रांतिकारी विरासत को आगे बढ़ाते हुए पार्टी को गांवों, खेतों, कारखानों, शिक्षण संस्थानों और बस्तियों तक हर स्तर पर मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ देशभर में उभरे छात्र-युवा आक्रोश ने सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया है। इस आंदोलन ने साबित किया है कि संगठित जनसंघर्ष ही जनविरोधी नीतियों को चुनौती देने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आह्वान किया कि किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिला और तमाम मेहनतकश तबकों के संघर्षों को एकजुट करते हुए जनांदोलनों को और व्यापक बनाया जाए तथा पार्टी संगठन को सभी स्तरों पर सुदृढ़ किया जाए।
भाकपा (माले) केंद्रीय कमिटी सदस्य कॉमरेड शुभेंदु सेन ने कहा कि कॉमरेड चारू मजूमदार ने भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन को नई वैचारिक दिशा दी और सामंतवाद, वर्ग शोषण तथा दमनकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष को देशव्यापी जनप्रतिरोध का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि चारू मजूमदार की शहादत हमें यह संदेश देती है कि शोषणमुक्त और लोकतांत्रिक समाज की लड़ाई केवल स्मृति का विषय नहीं, बल्कि आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उनकी विरासत से प्रेरणा लेकर जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम में राज्य सचिव मनोज भक्त, केंद्रीय कमिटी सदस्य मनोज भक्त, कुमार बरूण, आर.एन. सिंह, शांति सेन, ऐति तिर्की, नंदिता भट्टाचार्य, आइसा झारखंड राज्य सचिव कॉमरेड त्रिलोकीनाथ, मंजू देवी, विजय कुमार, निखिल राज सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।