Ranchi: आज हिन्दू जागरण मंच के तत्वाधान में रांची के जिला स्कूल से चलकर फ़िरायालाल चौक तक व्यापक विरोध रैली का आयोजन किया गया। यह रैली हाल ही में 3 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म की घटना के खिलाफ जनआक्रोश को प्रकट करने के उद्देश्य से निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
इस विरोध प्रदर्शन में संगठन के प्रांत संयोजक विक्रम शर्मा, प्रांत सह संयोजक श्री रत्नेश कुमार,प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अमरनाथ सरकार, पूनम कुमारी, रांची महानगर के संयोजक कर्ण सिंह सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में इस अमानवीय कृत्य की घोर निंदा करते हुए कहा कि ऐसे अपराध समाज के लिए कलंक हैं और इनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होना अत्यंत आवश्यक है।
रैली सहित चौक से प्रारंभ होकर फिरायालाल चौक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर न्याय की मांग को बुलंद किया। कई स्थानों पर लोगों ने रैली का समर्थन भी किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस घटना को लेकर आमजन में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शन के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।मौके पर उपस्थित सोमा उराव,पप्पू तिवारी,सिम्पी शर्मा,पुष्पा राणा,नेहा सिंह,शालिनी जी,मनीत जी,गुड्डू राय,गौरव जी,ओमप्रकाश शर्मा,बीरू जी,विक्रांत,शुभम् सहित अन्य लोग शामिल हुए।