NEWS7AIR

ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत बड़ी सफलता: हटिया स्टेशन से 16.9 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नार्कोस’ (Operation NARCOS) को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) और सीआईबी (CIB) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 16.900 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.45 लाख रुपये आंकी गई है।

संदेह के आधार पर हुई कार्रवाई

मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान हटिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक दो ट्रॉली बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपनी पहचान विशाल पुरकायत (25 वर्ष), निवासी महराटोली (जगन्नाथपुर, रांची) के रूप में दी। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसके बैग में प्लास्टिक में लिपटा गांजा है।

ओडिशा से लाया जा रहा था खेप

आरोपी ने खुलासा किया कि वह धुर्वा निवासी एक व्यक्ति के निर्देश पर 4 अप्रैल को रांची से बस द्वारा ओडिशा के अंगुल गया था। वहां दो दिन रुकने के बाद 7 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे ये दो ट्रॉली बैग सौंपे। वह ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर हटिया पहुँचा था, जहाँ आरपीएफ ने उसे धर दबोचा।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

तलाशी के दौरान नीले और काले रंग के ट्रॉली बैग से कुल 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जब्त माल के साथ जीआरपीएस (GRPS) हटिया को सौंप दिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.