NEWS7AIR

Ranchi: राँची की वरिष्ठ लेखिका ‘मीनू’ मीना सिन्हा का चयन कहानी साहित्यकार सम्मान-2026’ के लिए किया गया है। अदबी उड़ान संस्था, उदयपुर की ओर से आयोजित 11वें राष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

समारोह 14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे राजस्थान साहित्य अकादमी के मुख्य सभागार में आयोजित होगा। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ‘मीनू’ मीना सिन्हा की वर्ष 2018 में प्रकाशित काव्य-संग्रह ‘जीवनधारा’ से लेकर वर्ष 2026 तक कुल बारह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें सात काव्य-संग्रह, तीन कहानी-संग्रह, एक यात्रा-संस्मरण और एक संस्मरण शामिल हैं। उनका काव्य-संग्रह ‘मीनू सतसई’ भी वर्ष 2025 में प्रकाशित हुआ, जो उनके सात काव्य-संग्रहों में शामिल है। उनकी दो पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं।

उनका पहला कहानी-संग्रह ‘अखंड अहिवात’ बारह कहानियों का संकलन है। इसमें स्त्री-मन की जटिलताओं और सामाजिक यथार्थ का अत्यंत संवेदनशील चित्रण मिलता है। उनकी कहानियाँ समाज और परिवार की विसंगतियों से टकराते हुए मानवीय संबंधों की विभिन्न परतों को उजागर करती हैं। स्त्री-विमर्श के मुखर स्वर के रूप में उनकी विशिष्ट पहचान है।

‘मीनू’ मीना सिन्हा की लेखनी किसी एक विधा तक सीमित नहीं है। कविता, कहानी, संस्मरण और यात्रा-वृत्तांत सहित विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उनकी सक्रियता उल्लेखनीय है। सामाजिक विसंगतियों, मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विविध अनुभवों को उन्होंने अपनी गद्य एवं पद्य रचनाओं में प्रमुखता से अभिव्यक्त किया है।

सेवानिवृत्ति के बाद भी साहित्य-सृजन के प्रति उनका निरंतर समर्पण और रचनात्मक सक्रियता प्रेरणादायक है। लगातार पुस्तकें प्रकाशित होना और विविध साहित्यिक विधाओं में उनकी सशक्त उपस्थिति उनकी सतत सृजनशीलता का प्रमाण है।

‘मीनू’ मीना सिन्हा को प्राप्त यह सम्मान उनके साहित्यिक अवदान, संवेदनशील दृष्टि और कहानी-लेखन के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण सम्मान है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.