रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को महान दार्शनिक, लेखक एवं शिक्षाविद् बताते हुए कहा कि उनकी जयंती को देशभर में ‘शिक्षक दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस देश के शिक्षकों के सम्मान एवं उनके कल्याण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।उन्होंने कहा कि शिक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार से ही समाज में व्याप्त अंधविश्वास, कुरीतियों एवं सामाजिक बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। डॉ. राधाकृष्णन की जीवनी एवं उनके बहुआयामी व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश में उच्च शिक्षा के स्तर में सुधार लाने की दिशा में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की स्थापना महत्वपूर्ण कदमों में से एक रही।
वित्त मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राधाकृष्णन आयोग की सिफारिशों ने देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कहा कि डॉ. राधाकृष्णन एक महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक होने के साथ-साथ देश के उपराष्ट्रपति और सफल राष्ट्रपति के रूप में भी सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे। उनका जीवन एवं विचार आज भी देश के शिक्षकों, विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सूर्यकांत शुक्ला, कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सोनाल शांति, कामेश्वर गिरी, अख्तर अली, उज्ज्वल तिवारी, डॉ. राजीव नारायण प्रसाद, सुरेन राम, अजय सिंह, नेली नाथन, सदाब खान, प्रो. प्रेमनाथ मुंडा, नरेंद्र लाल गोपी, राजेश प्रसाद, रोशन बरवा, रामानंद केशरी आदि उपस्थित थे।