NEWS7AIR

राँची में यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन: नियमों की अनदेखी पर एक ही दिन में काटे 4,076 चालान

फर्जी नंबर प्लेट लगाने वालों को जेल की चेतावनी

राँची: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए राँची यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान छेड़ा है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार और यातायात पुलिस अधीक्षक (SP Traffic) के नेतृत्व में शुक्रवार, 19 जून 2026 को शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस विशेष ड्राइव के दौरान दोपहिया, चार पहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की कड़ाई से जांच की गई, जिसमें महज एक दिन के भीतर रिकॉर्ड 4,076 चालान काटे गए । पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।यातायात पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सबसे बड़ी कार्रवाई अवैध पार्किंग और बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों पर हुई है। सड़कों पर जाम का कारण बनने वाली ‘नो पार्किंग’ के लिए सबसे ज्यादा 2,063 चालान काटे गए, जबकि सुरक्षा की अनदेखी कर बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 1,527 लोग पुलिस की रडार पर आए।

इसके अलावा, चौराहों पर लाल बत्ती का उल्लंघन करने (रेड लाइट जंपिंग) पर 154, नो एंट्री में वाहन घुसाने पर 70, ऑटो व टोटो में अतिरिक्त सवारी बैठाने पर 57, ओवर स्पीडिंग पर 42 और बिना ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के गाड़ी चलाने पर 28 चालान जारी किए गए हैं। साथ ही प्रेशर हॉर्न, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस का यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं है। आंकड़ों पर गौर करें तो इस महीने यानी 1 जून 2026 से 19 जून 2026 तक शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 72,114 चालान निर्गत किए जा चुके हैं, जो पुलिस की लगातार जारी कड़ाई को दर्शाता है । इस बड़ी कार्रवाई के बाद राँची यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए मोटरयान अधिनियम के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

इसके साथ ही पुलिस ने एक बेहद सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कोई भी वाहन चालक अपनी गाड़ी पर किसी दूसरे वाहन का नंबर (फर्जी नंबर प्लेट) लगाकर न घूमे। अगर कोई ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है, तो वाहन को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और चालक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर उसे सीधे जेल भेजा जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.