विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ईएसआईसी अस्पताल में जागरूकता अभियान, चिकित्सकों ने कहा – “तंबाकू छोड़ो, कैंसर को तोड़ो”
रांची : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ईएसआईसी अस्पताल, रांची में मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत करते हुए इसके सेवन से दूर रहने की अपील की। अस्पताल के दंत विभाग की चिकित्सक डॉ. रिचा बहादुर ने बताया कि तंबाकू का सेवन शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे मुंह, गले तथा फेफड़ों के कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते तंबाकू की आदत छोड़ देना ही बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है। वहीं डॉ. अभिषेक गुप्ता ने कहा कि युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि कई युवा फैशन, दिखावे या शौक के तौर पर तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल शुरू करते हैं, जो धीरे-धीरे लत का रूप ले लेता है। उन्होंने अभिभावकों और समाज से युवाओं को इस बुरी आदत से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की डॉ. कश्मीरा जिलानी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि न केवल स्वयं तंबाकू से दूर रहें, बल्कि दूसरों को भी इसकी आदत न लगने दें। उन्होंने कहा कि तंबाकू किसी भी रूप में हो-सिगरेट, खैनी, गुटखा या अन्य उत्पाद-सभी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं। चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर के अलावा उच्च रक्तचाप, पक्षाघात (फालिज), पेट का अल्सर, मुंह के घाव तथा फेफड़ों के सिकुड़ने जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने “तंबाकू छोड़ो, कैंसर को तोड़ो” का संकल्प लिया और समाज को तंबाकूमुक्त बनाने का संदेश दिया। अंत में चिकित्सकों ने कहा, “न स्वयं तंबाकू का सेवन करें और न ही दूसरों को इसके लिए प्रेरित होने दें। स्वस्थ जीवन के लिए तंबाकू से दूरी ही सबसे बड़ा बचाव है।”