अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर चमका भारत का सितारा: झारखंड के युवा विश्वनाथ उपाध्याय का रिसर्च पेपर दुनिया की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘ऑर्गेनिक लेटर्स’ में प्रकाशित
रांची/गुवाहाटी:झारखंड और पूरे देश के लिए एक अत्यंत गर्व और प्रेरणा का क्षण है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (IIT Guwahati) में रसायन विज्ञान (Chemistry) के शोधकर्ता विश्वनाथ उपाध्याय ने विज्ञान जगत में एक बड़ी ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उनके द्वारा किए गए शोध (Research) को ऑर्गेनिक केमिस्ट्री के क्षेत्र में दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘ऑर्गेनिक लेटर्स’ (Organic Letters) में स्थान मिला है।
विश्वनाथ उपाध्याय, भाजपा के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और बिहार भाजपा के सह-प्रभारी श्री दीपक प्रकाश जी के निजी सचिव श्री शेषनाथ उपाध्याय के छोटे भाई हैं। उनके इस शोध ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे राज्य और देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
क्या है यह शोध और क्यों है खास?
विश्वनाथ और उनकी टीम का यह शोध मुख्य रूप से दवाओं और आधुनिक रसायनों को अधिक आसान, सस्ते और पर्यावरण के अनुकूल तरीकों से बनाने से जुड़ा है।
* नई दवाओं का निर्माण:
इस शोध का शीर्षक “Rh-Catalyzed Cascade C–H Functionalization/Aromatization of Benzylamines with Vinylcyclopropanes” है। सरल भाषा में कहें तो, इसके जरिए वैज्ञानिकों ने रासायनिक प्रतिक्रियाओं (Chemical Reactions) की एक ऐसी नई श्रृंखला विकसित की है, जिससे कई तरह की लाइफ-सेविंग (जीवन रक्षक) दवाएं, एडवांस्ड मैटेरियल्स और रक्षा अनुसंधान से जुड़ी तकनीकें तैयार करना आसान हो जाएगा।
* कम लागत और कम कचरा: पारंपरिक तरीकों में रसायनों को आपस में जोड़ने के लिए कई चरणों (Steps) से गुजरना पड़ता है, जिससे समय ज्यादा लगता है और रासायनिक कचरा भी अधिक निकलता है। विश्वनाथ के इस नए तरीके से कम समय, कम चरणों और कम खर्च में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
मिट्टी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
एक छोटे से गांव और सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े वैज्ञानिक मंच तक पहुंचना यह साबित करता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उनके इस शोध से भविष्य में कैंसर, वायरस-रोधी (Antiviral) और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं बनाने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अद्भुत सफलता पर देश-विदेश के वैज्ञानिकों, क्षेत्र के नागरिकों और वरिष्ठ राजनेताओं ने विश्वनाथ उपाध्याय को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना है कि वे विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे ही नए कीर्तिमान स्थापित करते रहें।
