NEWS7AIR

JAC Board Result 2026: झारखंड बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, 95.27% छात्र हुए सफल

रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने गुरुवार को माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष के परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में शानदार रहे हैं, जिसमें कुल 95.27 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। परिणाम की औपचारिक घोषणा जैक मुख्यालय में परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा द्वारा सचिव और अन्य वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा के लिए राज्य भर से कुल 4,24,001 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 4,22,109 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। सफल होने वाले परीक्षार्थियों की कुल संख्या 4,02,178 दर्ज की गई है। गौरतलब है कि इस बार की बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से 17 फरवरी 2026 के बीच राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थीं।

परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए डॉ. नटवा हांसदा ने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने सफल छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया। उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी ढांढस बंधाया जो परीक्षा में सफल नहीं हो सके या जिनका परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने कहा कि छात्र आगामी शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाकर अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं। परिषद ने पूरी परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.