जौनपुर: 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मड़ियाहूं के औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। उपकेंद्र से जुड़े अवर अभियंता (जेई) शहजाद अली को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित एसडीओ सौरभ तिवारी को चार्जशीट जारी की गई है।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च 2026 को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री द्वारा मड़ियाहूं तहसील स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता शहजाद अली मौके पर मौजूद नहीं पाए गए। मंत्री ने दूरभाष के माध्यम से उनसे संपर्क कर विद्युत आपूर्ति की जानकारी ली और तत्काल उपकेंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचे।
इसके बाद अधीक्षण अभियंता द्वारा भी उन्हें उपकेंद्र पर उपस्थित होने को कहा गया, लेकिन वह फिर भी नहीं आए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में अनुरक्षण माह चल रहा है और इस दौरान उपकेंद्र से संबंधित महत्वपूर्ण रखरखाव कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे समय में बिना पूर्व सूचना के कार्यस्थल से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही माना गया है।
अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर जेई शहजाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें विद्युत वितरण खंड शाहगंज से संबद्ध किया गया है और इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की आगे जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं संबंधित एसडीओ सौरभ तिवारी को भी इस प्रकरण में चार्जशीट जारी कर जवाब तलब किया गया है।
विक्रम सिंह