रांची: झारखंड विधानसभा को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कल, 11 फरवरी 2026 को विधानसभा परिसर में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) सेवा केंद्र का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस केंद्र का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा।
अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
उद्घाटन से पूर्व, झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री रबीन्द्रनाथ महतो ने सभा वेश्म का दौरा किया और NeVA के संचालन हेतु लगाए गए अत्याधुनिक डिजिटल उपकरणों और तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेपरलेस विधानसभा की इस प्रक्रिया में कोई तकनीकी चूक न रहे।
विधायकों को मिलेगी ‘डिजिटल पाठशाला’
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:
अतिथियों की उपस्थिति: इस गरिमामयी समारोह में माननीय नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, माननीय संसदीय कार्यमंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर सहित सभी मंत्रीगण और विधानसभा सदस्य उपस्थित रहेंगे।
विशेष प्रशिक्षण: उद्घाटन के तुरंत बाद, दोपहर 12:30 बजे से विधानसभा के सेंट्रल हॉल में सभी माननीय सदस्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें उन्हें NeVA एप्लीकेशन की बारीकियों और तकनीकी संचालन की जानकारी दी जाएगी।
हाथों में होगा टैबलेट: विधायी कार्यों को डिजिटल रूप से निष्पादित करने के लिए सदन में सभी मंत्रीगण और सदस्यों को कंप्यूटर टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
बजट सत्र से दिखेगा बदलाव
विधानसभा सचिवालय की योजना के अनुसार, आगामी बजट सत्र से सदन की कार्यवाहियों का संचालन आंशिक रूप से NeVA के माध्यम से शुरू कर दिया जाएगा।
क्या है NeVA?
नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है जो विधानसभा को पूरी तरह पेपरलेस बना देगा। इसके माध्यम से:
प्रश्नोत्तर, कार्यसूची, विधेयक और प्रस्तावों का ऑनलाइन प्रबंधन होगा।
सदन की कार्यवाहियों और समितियों के प्रतिवेदनों का डिजिटल अभिलेख तैयार होगा।
विधायी कार्यों में पारदर्शिता आएगी और समय की बचत होगी।