NEWS7AIR

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति के लिए सरकार आवश्यक पहल करेगी: कृषि मंत्री

रांची: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में शिक्षकों, वैज्ञानिकों और पदाधिकारियों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए राज्य सरकार अपनी ओर से कारगर पहल करेगी।

मंत्री ने विश्वविद्यालय को निर्देश दिया की जेपीएससी को अब तक नियुक्ति के लिए जो अधियाचना भेजी गई है उन कागजातों की प्रति उन्हें यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए ताकि वह अपने स्तर से आवश्यक पहल कर सकें।

श्रीमती शिल्पी ने विश्वविद्यालय को अपने आंतरिक स्रोतों से राजस्व बढ़ाने की सलाह दी है ताकि विश्वविद्यालय की छोटी-मोटी आवश्यकताएं उसी से पूरी हो सकें और हर छोटी जरूरत के लिए भी उसे राज्य सरकार पर निर्भर नहीं रहना पड़े।

मंत्री शुक्रवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कामकाज की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने विश्वविद्यालय के कामकाज पर संतोष व्यक्त किया तथा आगामी वर्ष की कार्य योजना के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जिन गांवों में तकनीकी विकास कार्यक्रम चल रहा है, वहां उसका प्रभाव दिखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बीएयू के तकनीकी सहयोग से राज्य सरकार आगामी अक्टूबर माह में मोराबादी मैदान में एक विराट कृषि मेला का आयोजन करेगी, जिसमें बड़ी संख्या में राज्य भर के किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने वर्ष 2024-25 की उपलब्धियां का ब्योरा तथा वर्ष 2025-26 की कार्य योजना की रूपरेखा मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्म स्थान उलिहातू (खूंटी), वीर बुधु भगत के जन्म स्थल सिलगाई और कमाटी (चान्हो, रांची), शहीद अल्बर्ट एक्का के जन्म स्थल जारी (गुमला) और पूर्व केंद्रीय मंत्री कार्तिक उरांव के जन्म स्थल लिट्टी टोली (गुमला) को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए बीएयू अंगीकृत करेगा।

बैठक में कांके के विधायक सुरेश कुमार बैठा, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के विशेष सचिव प्रदीप कुमार हजारी तथा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.