NEWS7AIR

आसमान में बिखरी सूरज की किरणें : रांची एयर शो में सूर्यकिरण टीम का अद्भुत प्रदर्शन

रांची : नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड, खोजा टोली में आयोजित भव्य एयर शो का शानदार समापन आज उत्साह और गौरव के माहौल में हुआ। रांचीवासियों ने भारी संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। विमान जब आकाश में गरजे, तो फिज़ा “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठी। इस आयोजन की मुख्य आकर्षण रही भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण टीम, जिसने एक के बाद एक हैरतअंगेज़ कलाबाजियों से दर्शकों को रोमांचित और मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी सटीकता, तालमेल और साहस ने बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक सभी को चमत्कृत कर दिया।

प्रशासन की शानदार व्यवस्था, अनुभव रहा अविस्मरणीय

एयर शो की सफलता में जिला प्रशासन की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और समर्पित टीमवर्क के चलते यह आयोजन न केवल व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ, बल्कि दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया। रांचीवासियों ने प्रशासनिक व्यवस्था की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

सम्मानित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश आनंदा सेन, झारखंड सरकार के वरीय अधिकारी, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री, उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुमित कुमार अग्रवाल, सहित सेना और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह एयर शो न केवल रांची के लिए गौरव का विषय बना, बल्कि आने वाले वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में जीवंत रहेगा। सूर्यकिरण की रौशनी ने इस शहर के आसमान को गर्व और रोमांच से भर दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.