NEWS7AIR

स्टार्टअप कॉन्क्लेव का आयोजन राज्य के युवा उद्यमियों को नई दिशा देगा-चैंबर

 

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी समिति की बैठक अध्यक्ष किशोर मंत्री की अध्यक्षता में होटल ग्रीन होराइजन में संपन्न हुई। राज्य की विधि व्यवस्था की स्थिति पर सदस्यों ने चिंता जताते हुए इसे राज्य के विकास के लिए बाधक बताया। कहा गया रोजाना चोरी, छिनतई, डकैती, हत्या और धमकी जैसी अप्रिय घटनाओं से उद्यमी और व्यापारी हतोत्साहित और आमजन भयभीत हैं। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में ऐसी घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन की तत्परता के बावजूद अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने माननीय मुख्यमंत्री और डीजीपी से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की। यह कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था की नये सिरे से समीक्षा की जाय।

बैठक में गुमला चैंबर के पदाधिकारियों ने जिले में सिक्के की समस्या तो खूंटी के व्यापारियों ने जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित कराने की मांग की। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने अवगत कराया कि चैंबर के सुझाव पर जियाडा द्वारा गुमला, सिमडेगा, डाल्टनगंज और खूंटी में औद्योगिक क्षेत्र भूमि उपलब्ध कराने के लिए जिले के उपायुक्त को पत्र निर्गत कर दिया गया है। स्टार्टअप उद्यमियों के प्रोत्साहन हेतु चैंबर द्वारा 6 जुलाई को आर्यभट्ट सभागार में आयोजित किये जा रहे स्टार्टअप कॉन्क्लेव में उन्होंने राज्य के युवा उद्यमियों को शामिल होने की अपील की। मौके पर चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से कॉन्क्लेव का पोस्टर लांच किया गया। भवन नियमितीकरण योजना को जल्द प्रभावी करने की आवश्यकता बताते हुए सदस्यों ने इस मामले में चैंबर अध्यक्ष से हस्तक्षेप का आग्रह किया जिस पर उन्होंने हरसंभव प्रयास के लिए आश्वस्त किया।

राज्य में लगातार जारी पावरकट की समस्या पर भी सदस्यों ने चिंता जताई और कहा कि लगातार बिजली ट्रिपिंग से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उद्योगों की वास्तविक समस्या को समझते हुए चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जेबीवीएनएल की बिजली महंगी होने के बावजूद पावरकट जारी है। कभी लोड बढ़ने का बहाना, कभी लोकल फॉल्ट का बहाना। जेबीवीएनएल का यह कैसा प्रबंध है। यह वास्तविकता है कि जेनरेटर के भरोसे उद्योग चलाना संभव नहीं है। जेबीवीएनएल निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने में सक्षम नहीं है, यह सरकार को समझना होगा।

बैठक के बीच में ही चैंबर के पैट्रोन सदस्यों को सम्मानित किया गया। विदित हो कि चैंबर की सदस्यता सूची में नये पेट्रोन सदस्य के रूप में अनिस राजगढिया शामिल हुए हैं। व्यवसायियों की शिकायत पर चैंबर अध्यक्ष ने जल्द ही बड़ा तालाब के आसपास की समस्याओं के समाधान हेतु नगर आयुक्त से वार्ता की बात कही। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित साहू के आग्रह पर चैंबर अध्यक्ष ने कार्यकारिणी समिति की अगली बैठक रामगढ़ में आयोजित करने की बात कही। चैंबर उपाध्यक्ष राहुल साबू और आदित्य मल्होत्रा ने उप समितियों की लगातार हो रही बैठकों और कार्रवाई के लिए सभी उप समिति के चेयरमेन के प्रयास की प्रशंसा की। सह सचिव अमित शर्मा और शैलेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से चैंबर की सदस्यता के लिए प्राप्त आवेदनों को प्रस्तुत किया जिसे स्वीकृति दी गई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.