झारखंड की चंपई सोरेन सरकार एक्शन मोड में आयी नज़र
रांची, 7 जून: लोकसभा चुनाव खत्म होते ही झारखंड की चंपई सोरेन सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री ने झारखंड के चार अफसरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। इनमें से दो अफसर सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। राम प्रवेश कुमार, चंद्रशेखर सिंह, अवधेश कुमार पांडेय और डॉ. अशोक कुमार पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुमति सीएमओ ने दी है।
सीएमओ के मुताबिक झारखंड प्रशासनिक सेवा (चतुर्थ सीमित बैच) के तत्कालीन प्रखंड पदाधिकारी राम प्रवेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मंजूरी दी गई है। जिस मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है, उस समय राम प्रवेश कुमार धनबाद के बलियापुर में प्रखंड पदाधिकारी थे। वर्तमान में वे जामताड़ा जिले के करमाटांड़ में प्रखंड पदाधिकारी हैं। राज्य सरकार ने झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-14 (iv) के तहत राम प्रवेश कुमार के विरुद्ध असंचयी प्रभाव से एक वेतन वृद्धि रोकने का दंड लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। झारखंड सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रशेखर सिंह के विरुद्ध कार्रवाई करने की अनुमति दे दी है।
सीएमओ की ओर से झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (बी) के तहत तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, सोनबरसा, सहरसा (बिहार) के पेंशन पर आजीवन रोक लगा दी गई है। धनबाद नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त एवं झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अवधेश कुमार पांडेय (कोटि संख्या-528/03) के पेंशन से एक वर्ष के लिए पांच प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने इसे भी मंजूरी दे दी है। झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (बी) के तहत दंड के रूप में पेंशन में कटौती का प्रस्ताव लाया गया था। इसे साझा करें: