चित्रकूट में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले आज आस्था की राजनीति कर रहे हैं
चित्रकूट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट दौरे के दौरान विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और उन्हें काल्पनिक बताया, वही आज आस्था की राजनीति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की विरासत और सनातन संस्कृति का सम्मान किए बिना देश और प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने रामसेतु को तोड़ने का प्रयास किया था और सर्वोच्च न्यायालय में दाखिल हलफनामे में भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब यही दल अयोध्या और राम मंदिर के नाम पर आस्था का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि जनता उनके पुराने रुख से अच्छी तरह परिचित है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार ने मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्च स्तरीय जांच कराई।
जांच में केवल कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई, लेकिन विपक्ष पूरे ट्रस्ट को बदनाम करने में जुट गया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में माफियाओं के कब्जे से 64 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय भूमि कब्जाने वालों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में बने एयरपोर्ट से दिल्ली और लखनऊ के लिए हवाई सेवा शुरू होने पर देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा। गुप्त गोदावरी, रामघाट और अन्य धार्मिक स्थलों का भी व्यापक विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित चित्रकूट, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।