रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के रांची कृषि महाविद्यालय में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘उमंग 2026’ का आयोजन 29 – 30 अप्रैल को आरएसी प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक (बीज एवं प्रक्षेत्र) डॉ शम्भूनाथ कर्मकार ने महोत्सव के नाम ‘उमंग’ को परिभाषित करते हुए विद्यार्थियों के जीवन में पाठ्येतर गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला एवं उपस्थित विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
निदेशक अनुसंधान डॉ पीके सिंह ने कहा कि छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए खुद को तैयार करना चाहिए।
इस दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव में संगीत, नृत्य, रंगमंच, ललित कला, साहित्यिक विधाओं से संबंधित 18 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें 80 से भी अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। महोत्सव के पहले दिन ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कार्टूनिंग, कोलाज, पोस्टर, क्ले मॉडलिंग, रंगोली, मोनो एक्टिंग, स्कीट, एक्सटेंपोर स्पीच, वाद विवाद, एलोक्यूशन एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
महोत्सव के दूसरे दिन एकल गायन, सामूहिक गायन (भारतीय), देशभक्ति गीत गायन, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों की गायन एवं नृत्यकला का मूल्यांकन सुप्रसिद्ध कत्थक नर्तक विपुल नायक, नृत्य निर्देशक देवज्योति नाहा एवं गायिका डॉ मृणालिनी अखौरी द्वारा किया गया।कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ अरुण कुमार तिवारी ने किया। संगीत कला में दीपांजलि, देवप्रकाश, आकांक्षा, अभिषेक, स्नेहेश, सपना; नृत्य कला में स्नेहमयी, कलश, सोनामुनी, निशा, पूजा; रंगमंच कला में कोमल, आर्यन, बबली, क्रिस्टीना, पंकज, ईशा; ललित कला में सिंगी सुमेधा, जया, सीमा, ईशा, प्रेरणा, स्मृति एवं साहित्यिक कला में शैलजा, प्रगति, चिकिता, आयुष, अमन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।