NEWS7AIR

अपर बाजार में लगा ट्रेड लाइसेंस कैंप, व्यापारियों ने उठाया लाभ

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) और रांची नगर निगम के साझा प्रयास से बुधवार को अपर बाजार स्थित श्रीराम मेडिकल एजेंसी, श्रद्धानन्द रोड में एक विशेष ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को उनके कार्यक्षेत्र के करीब ही लाइसेंस बनवाने और नवीनीकरण की सुविधा प्रदान करना था।

नए आवेदन और नवीनीकरण की मिली सुविधा

कैंप के दौरान व्यापारियों के लिए नए ट्रेड लाइसेंस बनाने, पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण (रिन्यूअल) और होल्डिंग टैक्स जमा करने की विशेष व्यवस्था की गई थी। शिविर में कुल 15 नए ट्रेड लाइसेंस के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 12 लाइसेंसों का नवीनीकरण किया गया। इसके अलावा, 9 लोगों ने अपना होल्डिंग टैक्स जमा किया और 14 आवेदन बीटीसी (BTC) से संबंधित प्राप्त हुए।

रुके हुए मामलों का हुआ निपटारा

कैंप की एक बड़ी उपलब्धि उन आवेदनों का निष्पादन रहा जो किन्हीं तकनीकी कारणों या दस्तावेजों की कमी की वजह से रुके हुए थे। संबंधित आवेदकों ने मौके पर पहुंचकर जरूरी दस्तावेज जमा किए, जिन्हें जल्द ही क्लियर करने का आश्वासन दिया गया।

आगे भी जारी रहेंगे ऐसे प्रयास

चैम्बर की सिविक एमिनिटी उप समिति के चेयरमैन अमित किशोर ने बताया कि व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा, “कैंप के माध्यम से व्यापारियों की कई समस्याओं का मौके पर समाधान हुआ है। इसे मिल रहे सकारात्मक फीडबैक को देखते हुए भविष्य में भी अन्य क्षेत्रों में ऐसे कैंप लगाए जाएंगे।” गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को चैम्बर भवन में भी इसी तरह का आयोजन किया गया था। स्थानीय व्यापारियों ने चैम्बर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की बचत और प्रक्रिया को सरल बनाने वाला बताया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.