रांची: झारखंड के कई प्रमुख शहरों में स्थित अदालतों और संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया है। रांची, बोकारो, जामताड़ा, धनबाद और जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआई को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, एक संदिग्ध ईमेल ने झारखंड पुलिस की नींद उड़ा दी है। इस ईमेल में विभिन्न सरकारी संस्थानों और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद संबंधित जिलों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
इसी क्रम में रांची के पासपोर्ट कार्यालय को भी ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से भी तलाशी अभियान चलाया गया।
पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसे धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे हैं, जिससे पुलिस की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अब तक की जांच में कहीं से भी संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल अब तक धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस पकड़ नहीं सकी है, लेकिन उसकी तलाश में तकनीकी जांच तेज कर दी गई है।