NEWS7AIR

पिता के पदचिह्नों पर चलकर दीपक बने सेना में लेफ्टिनेंट, झारखंड का नाम किया रोशन

राँची/टाटीसिलवे: झारखंड के लाल और पूर्व सैनिक के पुत्र दीपक कुमार ने भारतीय सेना में ऑफिसर बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। वेटरन आर्गेनाइजेशन ऑफ़ झारखंड के सदस्य और टाटीसिलवे निवासी पूर्व सैनिक विभूति नाथ बड़ाम के पुत्र दीपक कुमार शनिवार को ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई से पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में शामिल हुए।

माता-पिता ने लगाए कंधे पर सितारे
सेना की गौरवशाली परंपरा के अनुसार, पासिंग आउट परेड के बाद दीपक के माता-पिता ने उनके कंधे पर रैंक (सितारे) लगाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। 30 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले पिता विभूति नाथ बड़ाम ने भावुक होते हुए कहा, “मैंने तीन दशक तक सैनिक के रूप में मां भारती की सेवा की है, अब तुम्हारी बारी है। देश की सेवा में कोई कसर मत छोड़ना।”

शिक्षा और एनसीसी का रहा विशेष योगदान
सेंट जेवियर कॉलेज, राँची के छात्र रहे दीपक ने कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) की परीक्षा में सफलता हासिल की थी। कॉलेज के दिनों में उन्होंने एनसीसी (NCC) ‘सी’ सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया, जिसने उनके सैन्य सफर की नींव रखी। वे न केवल पढ़ाई में अव्वल रहे, बल्कि व्यावहारिक तौर पर भी मिलनसार हैं और अपने हमउम्र युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं।

पूर्व सैनिक संगठन में खुशी की लहर
दीपक की इस उपलब्धि पर ‘वेटरन आर्गेनाइजेशन ऑफ़ झारखंड’ में भारी उत्साह है। संगठन के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि दीपक अपने पिता के साथ हमेशा संगठन के कार्यों में हाथ बंटाते थे और आज उनकी सफलता से हर पूर्व सैनिक गौरवान्वित है। दीपक को उनके सफर में संगठन की ओर से भी निरंतर नैतिक समर्थन मिलता रहा।

इस अवसर पर संगठन के सचिव एमपी सिन्हा, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद, प्रवक्ता संजीत सिंह एवं कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने दीपक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे पूरे झारखंड के लिए प्रेरणादायक बताया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.