मड़ियाहूं, जौनपुर: तहसील क्षेत्र के रामनगर विकास खंड अंतर्गत बुजुर्गा ग्रामसभा में मनरेगा कार्य में धांधली को लेकर उपजा विवाद अब तूल पकड़ चुका है। फर्जी उपस्थिति दर्ज करने से मना करने पर ग्राम रोजगार सेवक को प्रधान प्रतिनिधि द्वारा कथित तौर पर भद्दी गालियां और जानमाल की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में रविवार को सैकड़ों रोजगार सेवकों ने मड़ियाहूं कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम रोजगार सेवक दलसिंगार यादव के अनुसार, बुजुर्गा ग्रामसभा में पिछले कई दिनों से तालाब खुदाई का कार्य प्रस्तावित है। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रधान प्रतिनिधि शमीम खान ने फोन कर उन पर बिना श्रमिकों की मौजूदगी के फर्जी हाजिरी (मस्टर रोल भरने) का दबाव बनाया। शासन के स्पष्ट निर्देशों का हवाला देते हुए जब दलसिंगार ने बिना फोटो सत्यापन और मौके पर श्रमिक न होने के कारण हाजिरी लगाने से इनकार किया, तो शमीम खान भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने लगभग दो मिनट तक फोन पर रोजगार सेवक को गालियां दीं और धमकी दी।
एकजुट हुए रोजगार सेवक, कोतवाली में प्रदर्शन
घटना से आहत होकर दलसिंगार यादव ने अपने संगठन को सूचित किया। इसके बाद रामनगर ब्लॉक के सैकड़ों रोजगार सेवक ब्लॉक अध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने कोतवाली गेट पर हाथ उठाकर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में मड़ियाहूं कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली ने बताया कि रोजगार सेवक द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर उपस्थित रहे:
इस दौरान संतोष दुबे, सर्वेश यादव, धर्मेंद्र भारती, अरुण कन्नौजिया, सूरज यादव, अजय सिंह, गोलू शर्मा समेत बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।