रांची: झारखंड के औद्योगिक परिदृश्य और कौशल विकास को एक नई दिशा देने के लिए आज रांची में एक ऐतिहासिक साझेदारी की नींव रखी गई। एक्सआइएसएस (XISS), रांची और फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स & इंडस्ट्रीज (FJCCI) के बीच एक महत्वपूर्ण सहयोग समझौता (MoU) हुआ। इस समझौते पर XISS के निदेशक फादर जोसेफ मारियानुस कुजूर और झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने हस्ताक्षर किए।
उद्योग और युवाओं के लिए ‘विन-विन’ स्थिति
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने इस पहल को राज्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे उद्योगों को ‘इंडस्ट्री-रेडी’ वर्कफोर्स मिलेगा और युवाओं के लिए इंटर्नशिप व प्लेसमेंट की राह आसान होगी। उन्होंने जोर दिया कि यह समझौता इंडस्ट्रियल स्किल गैप को भरने और झारखंड के MSME क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने में सहायक होगा।
कौशल विकास का नया मॉडल
समझौते के तहत मुख्य रूप से इन क्षेत्रों पर काम किया जाएगा:
इंडस्ट्री-रेडी पाठ्यक्रम: उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुसार सिलेबस में बदलाव।
इंटर्नशिप और शोध: छात्रों के लिए संरचित इंटर्नशिप और सतत विकास लक्ष्यों पर संयुक्त रिसर्च।
ग्रामीण विकास: सीएसआर (CSR) के माध्यम से गांवों के आर्थिक उत्थान पर जोर।
चैंबर के सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने भी इस समन्वय को स्थानीय युवाओं के लिए वरदान बताया। उनका कहना है कि राज्य के संसाधनों और मानव क्षमता को जोड़कर एक ऐसा मॉडल तैयार किया जाएगा जो झारखंड के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करेगा।