NEWS7AIR

झारखंड की बेटियों का मुक्केबाजी में दमदार पंच 69वीं SGFI के राष्ट्रीय मंच पर 2 रजत, 1 कांस्य

Ranchi: बंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (एसजीएफआई) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। कठिन मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दो रजत एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं की प्रतिभा तथा झारखंड में खेलों के सशक्त होते माहौल का प्रेरक उदाहरण है।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में राज्य की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया है।

4 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। जिसमें
45 किलोग्राम भार वर्ग में जेसिका खेस ने फाइनल में महाराष्ट्र से पराजित होकर रजत पदक प्राप्त किया। वही 54 किलोग्राम भार वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने फाइनल में दिल्ली से मुकाबला करते हुए रजत पदक जीता। तथा 57 किलोग्राम भार वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल में हरियाणा से पराजित होकर कांस्य पदक हासिल किया।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राज्य की बेटियाँ खेल के हर मंच पर नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं और आने वाले समय में देश-विदेश में झारखंड का नाम और रोशन करेंगी।

झारखंड बॉक्सिंग टीम कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहती तथा टीम मैनेजर अनु कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.