NEWS7AIR

हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान ने जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया दाखिल

जमशेदपुर/जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान ने आज नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल देखा गया।

नामांकन प्रक्रिया से पहले समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या जुगसलाई ईदगाह मैदान में एकत्रित हुई। वहाँ से एक सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण नामांकन जुलूस निकाला गया, जो नारों और उत्साह के बीच कलेक्ट्रेट भवन तक पहुँचा। जुलूस में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे स्पष्ट होता है कि नौशीन खान को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन प्राप्त है।

कलेक्ट्रेट पहुँचने के बाद नौशीन खान ने औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे जुगसलाई की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी वे घर पर रहते हुए जुगसलाई के लोगों की सेवा करती रही हैं, और यदि जनता ने इस बार उन्हें अवसर दिया तो वे ज़मीनी स्तर पर उतरकर जनता के लिए कार्य करेंगी।

नौशीन खान ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि सेवा है। वे जुगसलाई को एक बेहतर और सुव्यवस्थित नगर परिषद क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “संवैधानिक अधिकारों के तहत चुनाव लड़ना सबका अधिकार है। किसमें कितना दम है, यह जनता की अदालत तय करेगी।”
इस दौरान उनके पति, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नौशीन खान लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और क्षेत्र की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और ईमानदार नेतृत्व को ध्यान में रखते हुए उनका साथ देगी।

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में इस बार का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है, जहाँ विभिन्न प्रत्याशी अपने-अपने योजनाएँ और वादे जनता के सामने रख रहे हैं। लेकिन आज के नामांकन जुलूस को देखकर यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि जिस प्रकार नौशीन खान जुगसलाई की प्रगति और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं, उसी प्रकार जनता भी उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए उत्साहित दिखाई दे रही है।

नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद नौशीन खान ने साकची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संपर्क कार्यालय का दौरा किया और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जेएमएम के वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संगठन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए चुनाव को लेकर चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी जीत की कामना की।

नौशीन खान ने कहा कि यदि उन्हें जनता का विश्वास और पार्टी का समर्थन मिलता है, तो वे जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देंगी, जिसमें सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़कें, नालियाँ और अन्य नागरिक सुविधाएँ शामिल हैं। इस अवसर पर जेएमएम के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों समर्थक उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.