रांची, 19 जनवरी 2026: GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल से जुड़ी समस्याओं के समाधान, सुझावों, प्रचार और प्रसार के लिए दिल्ली से आई GeM टीम ने रांची के प्रोजेक्ट भवन के ऑडिटोरियम में सेलर्स के साथ सीधा संवाद किया। इस टीम में GeM पोर्टल के सीईओ मिहिर कुमार सहित अन्य सभी पदाधिकारी शामिल थे।
संवाद सत्र के दौरान, कई सेलर्स ने अधिकारियों से सीधे सवाल पूछे। हालांकि कुछ सवालों के जवाब दिए गए, लेकिन अधिकांश सवालों को टाल दिया गया।
सेलर्स की ओर से सर्वेश कुमार सिंह ने पहला सवाल पूछा, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित माँगें और सुझाव शामिल थे:
सर्विस चार्ज: GeM पोर्टल के न्यूनतम फ्लोर प्राइस सर्विस चार्ज को 3.85% से बढ़ाकर कम से कम 7% करने की माँग की गई। तर्क दिया गया कि 2% TDS और 2% GST कट जाता है, साथ ही सेलर्स को बैंक ब्याज पर पैसा लेकर काम करना पड़ता है, इन परिस्थितियों में 7% चार्ज उचित होगा।
चार्ज ब्रेकअप: 3.85% सर्विस चार्ज का लिखित ब्रेकअप उपलब्ध कराया जाए।
कस्टम बिड पारदर्शिता: कस्टम बिड में केवल उन्हीं उत्पादों की अनुमति दी जाए जो सामान्य GeM कैटेगरी में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे कस्टम बिड प्रक्रिया पारदर्शी बन सके।
गारंटी/वारंटी और PBG: परफॉरमेंस बैंक गारंटी (PBG) के समय और राशि का निर्धारण करते समय उत्पाद की गारंटी/वारंटी की अवधि का भी ध्यान रखा जाए।
वेंडर रजिस्ट्रेशन: GeM उत्पादों के वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को आसान बनाया जाए।