रांची: आदर्श ग्राम के रूप में विकास हेतु चयनित गुमला जिला के करौंदा लिट्टाटोली गांव में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा जनजातीय उप योजना के तहत कुल 60 किसानों के बीच क्वालिटी प्रोटीन हाइब्रिड मक्का (शक्तिमान- 5) का 240 किलो बीज वितरित किया गया। करौंदा लिट्टाटोली गांव प्रमुख जनजातीय नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय कार्तिक उरांव का जन्म स्थान है। इस गुणवत्तायुक्त हाइब्रिड बीज की उत्पादन क्षमता प्रति हेक्टेयर 70 से 75 क्विंटल है।
इन किसानों को फसल विकास के विभिन्न चरणों में उर्वरक तथा आवश्यकता आधारित फसल संरक्षण रसायन भी उपलब्ध कराया जाएगा। फसल विकास के अनुश्रवण तथा सिंचाई, रोगों एवं कीड़ों से बचाव और खरपतवार प्रबंधन आदि विषयों के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान करने के लिए के लिए बीएयू के वैज्ञानिकों का दल दो बार उस गांव का भ्रमण करेगा तथा एक दिन गांव में प्रक्षेत्र दिवस का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन बीएयू के पौधा प्रजनन एवं आनुवंशिकी विभाग की अध्यक्ष डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर पौधा प्रजनक डॉ चंद्रशेखर महतो और डॉ सुनील कुमार ने किसानों को मक्का उत्पादन की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी। आयोजन में क्षेत्र अधिदर्शक ललितेश्वर सिंह और जयंत कुमार की भी प्रमुख भूमिका रही।