NEWS7AIR

छात्रों के सवालों पर वीर शहीद बुधु भगत विश्वविद्यालय में आइसा रांची ने दूसरे दिन भी चलाया यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स रेफेरेंडम

Ranchi: आइसा रांची इकाई के द्वारा “वीर शहीद बुधु भगत विश्वविद्यालय (पूर्व में DSPMU)” परिसर में “यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स रेफरेंडम” का आयोजन दूसरे दिन भी किया गया। इस छात्र जनमत संग्रह में विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़े 11 महत्वपूर्ण सवालों पर छात्रों से मतदान कराया गया। प्रमुख सवालों में समय पर सत्र संचालन, पेयजल और शौचालय की सुविधा, वाई-फाई और डिजिटल बोर्ड की उपलब्धता, लैंगिक उत्पीड़न निवारण के लिए GSCASH और ICC का गठन, लैब इंस्ट्रूमेंट्स की समुचित व्यवस्था, विषयवार नवीनतम पुस्तकें और शोध पत्रिकाएं, छात्रावास (हॉस्टल) की सुविधाएं, NEP 2020 के तहत फीस वृद्धि, छात्रसंघ चुनाव, खेल सामग्री, दूरदराज से आने वाले छात्रों के लिए बस सेवा जैसी सुविधाएं से जुड़े सवाल शामिल थे। विद्यार्थियों को हां या नहीं में उत्तर देना था।

इस रेफरेंडम में सैकड़ों आम छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रेफरेंडम के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया गया। साथ ही, अन्य छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने मत दिए। रेफरेंडम गणना की प्रक्रिया सोमवार, 29 जुलाई 2025 को दोपहर 2 बजे से प्रशासनिक भवन के सामने संपन्न होगी, जिसमें छात्रों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्रोफेसर और मीडियाकर्मी भी उपस्थित रहेंगे। मतगणना के बाद आइसा विश्वविद्यालय परिसर में छात्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संघर्ष की अग्रिम पंक्ति में सक्रिय भूमिका निभाएगा, ताकि इन समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इस दौरान आइसा झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, अनुराग राॅय, सोनाली केवट, छुटुराम महतो, विजय कुमार, शालीन कुमार तथा अन्य आइसा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.