NEWS7AIR

24 जून को प्रदेश के सभी 264 प्रखंडों में भाजपा करेगी आक्रोश प्रदर्शन…..आदित्य साहू

जनता को गुमराह करने की कोशिश, असली मुद्दों से भटका रही भाजपा : विनोद कुमार पांडेय

Ranchi: आगामी 24 जून को भाजपा कार्यकर्ता राज्य के सभी 264 प्रखंडों में आक्रोश प्रदर्शन कर प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने दी।

श्री साहू ने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट 2 की कार्यशैली ,नीति और नीयत में कोई परिवर्तन नहीं आया है। यह सरकार फिर से राज्य के खजानों,खनिज संपदा को लूटने लुटवाने में लगी है। राज्य के पंचायतों से लेकर सचिवालय तक आकंठ भ्रष्टाचार है। कोई काम बिना पैसे का चढ़ावा चढ़ाए नहीं हो रहा।गरीब जनता अपने छोटे छोटे काम केलिए दर दर भटक रही। दलाल बिचौलिए सत्ता में हावी है।

कहा कि राज्य सरकार निकाय चुनाव को लगातार लटकाए रखी है। नियोजन नीति और भाषा विवाद में बेरोजगार युवक ठगे जा रहे। सड़क,बिजली,अस्पताल,दवाई ,पढ़ाई सभी व्यवस्था चौपट हो चुकी है।

कहा कि राजधानी रांची सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्र सभी जगह भय व्याप्त है।लूट,हत्या बलात्कार की घटनाएं आम हो चुकी है। किसानों के धान के बकाए का भुगतान राज्य सरकार ने लटकाए रखा है।विधवा पेंशन,वृद्धा पेंशन , की राशि महीनों से नहीं मिल रही।

कहा कि इन सारे हालातों से जनता में आक्रोश है। भाजपा राज्य के जनभावनाओं के साथ खड़ी है।एक सशक्त विपक्ष के नाते पार्टी राज्य में अराजकता, भय और भ्रष्टाचार को चुपचाप नहीं देख सकती।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्ट और निकम्मी राज्य सरकार को जगाने केलिए सभी प्रखंडों में प्रदर्शन का निर्णय लिया है। लाखों की संख्या में ,24 जून को भाजपा कार्यकर्ता आम जन के साथ प्रखंडों में प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गावां प्रखंड में, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय धनवार,जमुआ प्रखंड में,पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा खरसावां ,रघुवर दास जमशेदपुर,चंपई सोरेन सरायकेला,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू कांके,डॉ प्रदीप वर्मा नगड़ी,मनोज कुमार सिंह मेदिनीनगर ,पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी चंदनक्यारी में आक्रोश प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

श्री साहू ने बताया कि इसके अतिरिक्त अन्य प्रखंडों में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारीगण,सांसद ,विधायकगण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गण ,जिलाध्यक्षगण , मोर्चों के पदाधिकारीगण प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

जनता को गुमराह करने की कोशिश, असली मुद्दों से भटका रही भाजपा : विनोद कुमार पांडेय

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी 24 जून को भाजपा द्वारा घोषित आक्रोश प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए तीखा हमला बोला है। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा राज्य की स्थिर सरकार को अस्थिर करने और जनता को भ्रमित करने की नाकाम कोशिश में एक बार भी जुटती दिख रही है। दिशाहीन भाजपा अपनी ताबूत में अंतिम कील ठोकने की दिशा में अग्रसर है।

झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा को जनता ने 2019 में पूरी तरह नकार दिया था। सत्ता से बाहर होते ही भाजपा को राज्य में हर जगह अव्यवस्था नजर आने लगी, जबकि सच्चाई यह है कि हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के हर वर्ग के लिए काम किया है — चाहे वह किसानों की कर्ज माफी हो, स्थानीय युवाओं के लिए नियोजन नीति हो, या महिला सुरक्षा की दिशा में उठाए गए सख्त कदम।

उन्होंने कहा कि भाजपा वही पार्टी है जिसने अपने शासनकाल में न तो पेसा कानून लागू किया और न ही स्थानीय नीति बनाई। आज जब राज्य सरकार जनसरोकार से जुड़ी योजनाओं को जमीन पर उतार रही है, तब भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में नजर आने की बजाए दो तिहाही बहुमत से सत्ता में काबिज हुई सरकार पर झूठे आरोप लगाकर न सिर्फ जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है बल्कि जनादेश का अपमान करने से भी बाज नहीं आ रही। दरअसल सत्ता से बाहर भाजपा के प्रदेश नेताओं को दिल्ली में बैठे अपने आकाओं की ताकत का गुमान है। उसी ताकत का दुरुपयोग पिछली हेमंत सरकार को परेशान करने के लिए किया और अब एक बार फिर से भाजपा अपने पतन के उसी रास्ते पर चलने जा रही है।

झामुमो ने भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों और नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए प्रदर्शन की राजनीति करने वाले हैं। जहां तक बात भ्रष्टाचार की ही बात है तो भाजपा शासनकाल में नियुक्ति घोटाला, भूमि लूट की घटनाओं को राज्य की जनता भूल नहीं पाई है। और यही कारण है लगातार दो बार भाजपा को सत्ता से बेदखल रखने का जनादेश दिया है झारखंडवासियों ने।

भाजपा के नेताओं को पहले अपने गिरेबां में झांककर देखना चाहिए। जनता को अब भाषण नहीं, काम चाहिए और हेमंत सरकार उसी दिशा में लगातार काम कर रही है। झामुमो ने स्पष्ट किया कि सरकार जनता के बीच है और हर सवाल का जवाब मैदान में दे रही है। भाजपा चाहे जितने प्रदर्शन कर ले, राज्य की जनता अब उनके छलावे में नहीं आने वाली। जनता जानती है कि असली जनसेवा कौन कर रहा है और झूठा हो-हल्ला कौन मचा रहा है।

—–

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.