राँची: आगामी रांची नगर निगम चुनाव की तैयारियों के तहत आज एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन रांची के कार्निवल बैंक्वेट सभागार में किया गया। इस अवसर पर “रांची नगर निगम के कार्यकर्ताओं का समागम” विषयक बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा और रांची लोकसभा की पूर्व प्रत्याशी सुश्री यशस्विनी सहाय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक का उद्देश्य नगर निगम चुनाव के दृष्टिकोण से संगठन की स्थिति का आकलन करना, संभावित उम्मीदवारों से संवाद स्थापित करना और प्रत्याशी चयन प्रक्रिया की रूपरेखा पर चर्चा करना था। बैठक में वार्ड पार्षदों से लेकर डिप्टी मेयर पद तक के सभी संभावित नामों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही, उन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया, जो चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश। इनके साथ मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुबोध कांत सहाय, हटिया विधायक श्री राजेश कच्छप, जेएससीए अध्यक्ष श्री अजय नाथ शाहदेव, राज्य विपणन बोर्ड के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह, पूर्व महापौर श्रीमती रमा खलखो, वरिष्ठ नेता श्री प्रदीप तुलस्यान, श्री शमशेर आलम समेत अनेक प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस के सम्मानित प्रभारी श्री के. राजू ने अपने संबोधन में कहा: “रांची नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए सिर्फ एक राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जनता के बीच अपनी नीतियों, सिद्धांतों और विकास की प्रतिबद्धता को प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। हम पूरी पारदर्शिता और संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ उम्मीदवारों का चयन करेंगे।”
प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने कहा: “कांग्रेस पार्टी रांची नगर निगम चुनाव में पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ हिस्सा लेगी। हमारे प्रत्याशी मजबूत, कर्मठ और जनता के साथ जुड़ाव रखने वाले होंगे। पार्टी संगठन हर वार्ड में सक्रिय रहेगा।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुबोध कांत सहाय ने कहा: “रांची की जनता अब झूठे वादों, प्रचार की राजनीति और खोकली योजनाओं से ऊब चुकी है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक ताकत है जो ईमानदारी, पारदर्शिता और वास्तविक विकास के एजेंडे के साथ काम करती है।”
रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने कहा: “हम कार्यकर्ताओं की ताकत, एकता और अनुभव के बल पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। यह समागम न केवल संगठन की शक्ति का प्रतीक है, बल्कि हमारी आगामी चुनावी रणनीति का स्पष्ट संकेत भी है। सभी इच्छुक उम्मीदवारों की राय लेकर शीघ्र ही प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।”
बैठक में रांची नगर निगम के कई निवर्तमान व पूर्व पार्षदों की सक्रिय उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख नाम शामिल हैं:
श्री राजन वर्मा, मो. एहतेशाम मंजर, श्री दीपक राम, श्रीमती शाजदा खातून, श्री कुलभूषण डुंगडुंग, श्रीमती नाजिमा रज़ा, श्रीमती हुस्ना आरा, श्रीमती सविता कुजूर, श्रीमती नीतू पासवान एवं श्रीमती कविता सांगा। इन सभी नेताओं ने अपने अनुभव साझा किए और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रमुख रूप से उपस्थित कार्यकर्ताओं में बबलू शुक्ला, अमरेंद्र सिंह, प्रिंस बट्ट, मेहुल प्रसाद, मो. हुसैन सहित अन्य कई सक्रिय नेता शामिल रहे।
यह बैठक रांची नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता, सांगठनिक शक्ति और जनभागीदारी की दिशा में एक सशक्त कदम है।