Ranchi: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने आज प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा घड़ियाली आंसू बहाकर आंदोलन का नाटक कर रही है।
प्रतुल ने कहा कांग्रेस और झामुमो की संयुक्त यूपीए की सरकार में तत्कालीन आदिवासी कल्याण मंत्री वी किशोर चंद्रदेव ने 11 फरवरी, 2014 को पत्रांक संख्या 16012 /19/2013 /(PC &V) के जरिए सरना धर्म कोड को अव्यवहारिक बताते हुए इसे खारिज कर दिया था। आदिवासी कल्याण मंत्री किशोर चंद्र देव ने यह भी कहा था की ऐसी मांग को मानने से दूसरे धर्म से भी सैकड़ो मांग आ सकती है।इसीलिए इस मांग का विरोध है। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा तो सरना धर्म कोड के मुद्दे पर पूरे तरीके से एक्सपोज हो गई।
कहा कि जब वह केंद्र में सत्ता में थी तो इन्होंने इसे खारिज किया था।आज केंद्र में सत्ता से बाहर है तो इस पर आंदोलन करने की बात कर रहे हैं।जनता इनकी सारी चालबाजियों को समझती है।
प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने बेशर्मी की सारी सीमाओं को तोड़ दिया है।2014 के अपने सरना धर्म कोड की मांग को खारिज करने वाले कुकृत्य को भूलकर फिर से एक बार आंदोलन और धरना प्रदर्शन की बातें कर रहे हैं ।
कहा कि सर्वप्रथम इन दोनों दलों को सरना आदिवासी समाज से अपने 2014 के कुकृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने चाहिए। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस 50 वर्षों से ज्यादा समय तक देश में शासन की। झामुमो भी लंबे समय तक इनकी पिछलग्गू बनी रही। परंतु उन्होंने आदिवासी के हितों में कोई कार्य नहीं किया।उल्टे ही आदिवासी कल्याण मंत्री ने आधिकारिक रूप से सरना धर्म कोड को लिखित रूप से खारिज भी किया।अब झामुमो और कांग्रेस किस मुंह से आंदोलन की बात कर रहे है, ये समझ से परे है।
आज की प्रेस वार्ता में रांची महानगर के मंत्री अजीत भगत ,एसटी मोर्चा के महानगर महामंत्री अशोक मुंडा एवं महिला मोर्चा की मीडिया सह प्रभारी सोनी हेंब्रम भी उपस्थित थी।