झारखण्ड चैंबर और बिहार चैंबर की संयुक्त वार्ता
पूर्वी भारत में आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साझा प्रयास पर चर्चा
Ranchi: पूर्वी भारत में आर्थिक विकास की संभावनाओं को गति देने के भारत सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झारखण्ड चैंबर और बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक पटना स्थित बिहार चैंबर के कार्यालय में हुई। पूर्वी भारत में व्यापारिक विकास, नये निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में झारखण्ड और बिहार के उद्यमियों की भागीदारी को रेखांकित करते हुए चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने इस प्रयास में बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ साझा रणनीति बनाकर प्रयास करने पर बल दिया, जिसका बिहार चैंबर के अध्यक्ष सुभाष पटवारी ने समर्थन करते हुए, इस साझा प्रयास में बिहार चैंबर की सशक्त भागीदारी के लिए आश्वस्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने इस वार्ता के क्रम में केंद्रीय बजट 2024 में भारत के पूर्वी क्षेत्र के ओडिसा, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल एवं आंध्र प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए घोषित पूर्वोदय योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के इस क्रम में बिहार एवं झारखण्ड में उद्योगों के विकास हेतु सरकार की वर्तमान नीतियों, निवेश संबंधित प्रोत्साहन, चुनौतियों तथा दोनों ही चैंबर की कार्यप्रणाली पर भी विचारों का आदान प्रदान किया गया। उक्त जानकारी महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने देते हुए बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के वर्षों पुराने इतिहास की सराहना की। यह भी कहा कि झारखण्ड और बिहार चैंबर का नाता वर्षोंं पुराना है। हम कैसे, एक दूसरे के समन्वय से क्षेत्र के उद्योग-व्यापार के विकास में सहयोगात्मक भूमिका निभा सकें इसपर हमने साझा प्रयास करने की योजना बनाई है जिसके दूरगामी परिणाम आएंगे।
झारखण्ड चैंबर के सह सचिव नवजोत अलंग ने बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के परिसर और संग्रहालय की प्रशंसा की। यह कहा कि बिहार और झारखण्ड चैंबर के साझा प्रयास से दोनों ही क्षेत्र में व्यापार और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों को रांची स्थित झारखण्ड चैम्बर के कार्यालय में भी आमंत्रित किया। यह भी सहमति बनाई गई कि झारखण्ड और बिहार चैम्बर की ऐसी बैठकें आगे भी जारी रहेंगी।
चैम्बर के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि झारखण्ड चैंबर के संस्थापक अध्यक्ष स्व0 रायबहादुर हरकचंद जैन वर्ष 1957 से 1959 तक बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रहे हैं। इसी प्रकार हमारे सदस्य स्व.सीताराम रूंगटा भी बिहार चेंबर के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। हमारा संबंध वर्षों पुराना है, हमने इस मुलाकात के माध्यम से अपने संबंधों को और मजबूती देने की कोशिश की है। मुलाकात के इस क्रम में बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुभाष पटवारी, उपाध्यक्ष आशीष शंकर, प्रदीप चौरसिया, महामंत्री पशुपति नाथ पांडेय, मुकेश कुमार जैन, सुनिल सराफ, आशीष प्रसाद, बिनोद कुमार, अखिलेष कुमार, रामचंद्र प्रसाद उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनील सरावगी ने दी।