रांची: झारखण्ड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते ने 100 से भी ज्यादा आपराधिक मामले में शामिल अमन साहू को पलामू में मुठभेड़ में मर गिराया।
पलामू पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार रायपुर केंद्रीय करा से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, रांची लाने के क्रम में जब साहू ने पुलिस का हथियार छीन कर भागने के क्रम में जब उसने पुलिस वाले पर फायरिंग की तो जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया। मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है। उसे जांघ में गोली लगी है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज दिनांक- 11.03.2025 को समय करीब 09.30 बजे पुलिस अधीक्षक, पलामू से सूचना प्राप्त हुआ कि आतंकवाद निरोधक दस्ता झारखंड, रांची के द्वारा सेंट्रल जेल रायपुर से अभियुक्त कुख्यात गैंगस्टर अमन साव पिता निरंजन साहू को एन०आई०ए० कोर्ट रांची में प्रस्तुत करते हुए सेंट्रल जेल होटवार, रांची में शिफ्ट करने हेतु ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में चैनपुर थाना एवं रामगढ़ थाना के बॉर्डर पर चैनपुर थाना अंतर्गत अंधारी ढोढा घाटी में जंगल का फायदा उठाते हुए अमन साव के गुर्गों द्वारा अमन साव को पुलिस के गिरफ्त से छुड़ाने हेतु बम/गोला फेंकते हुए पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने लगे। इसी बीच अफरा तफरी के माहौल का फायदा उठाते हुए अमन साव एक जवान का हथियार छीन कर गाड़ी से उतर कर फायरिंग करते हुए भागने लगा। तत्पश्चात आतंकवाद निरोधक दस्ता झारखण्ड, रांची एस्कॉर्ट पार्टी द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई किया गया तथा इस घटना में आतंकवाद निरोधक दस्ता झारखण्ड, राँची का एक जवान के जांघ में गोली लगा है जिसका इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अमन साव के गुर्गे फायरिंग करते हुए जंगल का फायदा उठा कर वहां से भागने में सफल रहे। अमन साव का शव जमीन पर करवट अवस्था में हाथ में इंसास राइफल लिए हुए पड़ा हुआ है तथा आस पास खोखा एवं जिन्दा कारतूस, जिन्दा बम एवं फटे बम का अवशेष पड़े हुए है। वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार टीम गठित कर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु काण्ड का अनुसंधान भार विशेष अनुसंधान कर्ता सुरेश राम पुलिस निरीक्षक, शहर अंचल को सौंपा गया है तथा घटनास्थल का निरीक्षण प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अंचल अधिकारी, सदर की उपस्थिति में एफ०एस०एल० , बी०डी०डी०एस०, तथा डॉग स्क्वायड की टीम के साथ विधिवत फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी किया गया है।
====================