लातेहार: लातेहार पुलिस ने शुक्रवार को अफीम तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती करने वाले लोगों की लगभग कमर तोड़ दी है। पुलिस के द्वारा लातेहार जिले के हेरहंज और बरियातू थाना क्षेत्र में अलग-अलग अभियान चलाकर लगभग 80 एकड़ में लगे अफीम की खेती को बुलडोजर और ट्रैक्टर से रौंद डाला। पुलिस की इस कार्रवाई से अफीम तस्करों को बड़ा झटका लगा है। मिली जानकारी के अनुसार लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के महुआडांड़ और खिराखाड़ जंगल में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के बाद डीएसपी विनोद रबानी और थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया के नेतृत्व में जिला पुलिस, सीआरपीएफ और आईआरबी की टीम संयुक्त रूप से अफीम की खेती के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के क्रम में हेरहंज थाना क्षेत्र से लगभग 55 एकड़ में लगे अफीम की खेती को ट्रैक्टर, बुलडोजर और डंडों के सहारे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इधर इस संबंध में डीएसपी विनोद रबानी ने बताया कि लातेहार एसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अफीम की खेती करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अफीम तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी। वहीं थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया ने बताया कि जंगली क्षेत्र में लगाए गए अफीम के फसल को नष्ट कर दिया गया है ,साथ ही तस्करों को चिन्हित करने की कार्रवाई भी पुलिस के द्वारा आरंभ की गई है।
बरियातू थाना क्षेत्र में 24 एकड़ में लगे अफीम के फसल को किया गया नष्ट
वहीं दूसरी ओर बरियातू थाना क्षेत्र के इंदुआ और करमटांड़ गांव के आसपास लगाए गए लगभग 24 एकड़ भूमि में लहलहा रहे अफीम की फसल को थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने ट्रैक्टर से रौंद डाला। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि बरियातू थाना क्षेत्र में अफीम तस्करों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई हुई है।
18 किलोमीटर जंगल में घुसी पुलिस, तस्करों का सुरक्षित मांद हुआ ध्वस्त
लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के महुआडांड़ जंगल में अफीम तस्करों के द्वारा बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की गई है। यह इलाका काफी दुरुह इलाका माना जाता है। यहां पहुंचना आसान नहीं था। परंतु बालूमाथ डीएसपी विनोद रबानी और थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया के नेतृत्व में पुलिस की टीम अफीम तस्करों की कमर तोड़ने निकल गए। लगभग 18 किलोमीटर तक उबड़ खाबड़ पगडंडी रूपी जंगली सड़कों पर मोटरसाइकिल से अफीम की खेती तक पहुंच गए। हालांकि जिस स्थान पर अफीम की खेती की गई थी, वह स्थान बिल्कुल निर्जन था। दूर-दूर तक कोई आबादी नहीं थी। घने जंगलों के बीच लगभग 40 से 45 एकड़ वन भूमि को मैदान के रूप में बनाकर अफीम के फसल लगाए गए थे। संभावना है कि अफीम तस्करों ने कल्पना भी नहीं की होगी कि यहां कोई पुलिस का अधिकारी पहुंच सकता है। परंतु तमाम मुश्किलों को पीछे छोड़ते हुए डीएसपी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान खेतों तक पहुंचे और अफीम के फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।