अपराधिक वारदातों से आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, अपराध नियंत्रण के लिए नये सिरे से समीक्षा की जाय: चैंबर
Ranchi: पंडरा ओपी अंतर्गत ओटीसी ग्रांउड के समीप अपराधियों के द्वारा घटित छिनतई और गोलीकांड की घटना पर आपत्ति जताते हुए झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्राचार कर मामले के त्वरित उद्भेदन और शहर में भयमुक्त वातावरण बनाने की मांग की। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि राज्य की प्रमुख कृषि मंडी होने के कारण राजधानी रांची के आसपास के जिले के व्यापारियों का आवागमन भी पंडरा बाजार में ही होता है। किंतु चिंतनीय है कि लगातार पंडरा बाजार के आसपास व्यापारियों के साथ अपराधिक वारदातें हो रही हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडरा बाजार में नियमित तौर पर पुलिस गश्ती की मांग झारखण्ड चैंबर द्वारा की जाती रही है किंतु यह वास्तविकता है कि पंडरा बाजार प्रांगण एवं उसके आसपास लगातार अपराधियों द्वारा चोरी, छिनतई, हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता रहा है।
चैंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि अपराधी इतने सक्रिय हैं कि शहर के व्यस्ततम इलाके में भी गंभीर अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। शहर में लगातार व्यापारियों को टार्गेट करके छिनतई और हत्या जैसी अप्रिय घटनाओं के घटित होने से आमजनों के साथ ही विशेष रूप से व्यापारी व उद्यमी समाज भयभीत है। चैंबर द्वारा यह आग्रह किया गया कि इस घटना के शीघ्र अनुसंधान के साथ ही संलिप्त अपराधियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी की जाय ताकि भयमुक्त वातावरण में राजधानी रांची में आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके। चैंबर महासचिव ने जिला पुलिस प्रशासन से व्यवसायी, उनके कर्मी और अस्पताल में ईलाजरत लोटस होटल के मैनेजर को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की भी मांग की।
चैंबर के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि दिनदहाडे अपराधियों द्वारा लूट और जानमाल की घटना को वारदात देना, यह दर्शाता है कि रांची पुलिस प्रशासन को अपराध नियंत्रण हेतु नये सिरे से समीक्षा की आवश्यकता है। विदित हो कि इस मामले में झारखण्ड चैंबर पुलिस प्रशासन के लगातार संपर्क में है। चैंबर के लॉ एंड ऑर्डर उप समिति चेयरमेन राम बांगड और कार्यकारिणी सदस्य संजय अखौरी ने संबंधित व्यवसायी से बात करके, घटना की पूरी जानकारी और जिला प्रशासन द्वारा इस मामले में कृत कार्रवाई की जानकारी ली। शहर की विधि व्यवस्था के मुद्दे पर आज चैंबर भवन में भी एक बैठक हुई। बैठक में सह सचिव नवजोत अलग उपस्थित थे।