NEWS7AIR

जब गठबंधन सरकार जाने वाली है तो जेएमएम ने भ्रष्टाचार की स्पीड बढ़ा दी: नरेंद्र मोदी 

हज़ारीबाग़: भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कि हमारे देश में आदिवासियों जनजातीयों के साथ जैसा अन्याय किया गया वैसा अन्याय दूसरे किसी के साथ नहीं हुआ। कांग्रेस ने अपनी एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए आदिवासी की पहचान मिटा दी। इन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले आदिवासियों को कभी महत्व नहीं दिया, बल्कि सारी योजनाएं, सारी सड़कें, सारी इमारतें एक ही परिवार के नाम पर करके ऐसे परिवारवादी सोच ने देश का बहुत नुकसान किया।

पीएम ने झारखंड की जेएमएम, कांग्रेस की सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रही है। वहीं दूसरी तरफ राज्य की हेमंत सरकार झारखंड को विकास की पटरी से उतारने में लगी है। आज झारखंड का बच्चा-बच्चा जान चुका है कि झारखंड के विकास में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस जेएमएम और आरजेडी का गठजोड़ है। इन बाधाओं के बीच झारखंड तभी आगे जाएगा, तभी आगे बढ़ेगा जब जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी की यह सरकार हटेगी।

आगे कहा कि झारखंड में जल्द ही परिवर्तन होगा। पूरे झारखंड में परिवर्तन यात्रा का जन आंदोलन चल रहा है। यह यात्रा केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं है। यह यात्रा झारखंड की विकास के लिए, जन जन के सपनों को पूरा करने का संकल्प यात्रा है। परिवर्तन यात्रा को झारखंड की जनता का आशीर्वाद और समाज के हर वर्ग का अपार समर्थन मिला है। पीएम ने कहा कि झारखंड में परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है। परिवर्तन इसलिए क्योंकि हर गरीब को घर मिले, जल मिले और झारखंड से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए और झारखंड की बहन-बेटियों की सुरक्षा हो इसलिए परिवर्तन।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है जिसने सबके साथ मिलकर झारखंड के सपनों को देखा और उसे पूरा भी किया। आरजेडी के लोगों ने झारखंड को अपना लूट का ठिकाना बना रखा था। जल जंगल जमीन की खुलेआम लूट होती थी। झारखंड को उन्होंने सेफ हाउस बना रखा था और इसके पाप में कांग्रेस बराबर हिस्सेदार थी। वे चाहते थे कि झारखंड की मांग कभी पूरी ना हो। अब कांग्रेस भी आरजेडी के रंग में रंग गई है। आज जेएमएम पर कांग्रेस का भूत सवार है। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने भाषा बदली चरित्र बदला और अब झारखंड की आत्मा को बदले चले हैं, जिसके कारण आज झारखंड के विकास में बहुत बड़ी बाधा है।

झारखंड में कोयले की लूट चल रही है। झारखंड सरकार उसको लूटने में लगी है। गरीबों के नाम पर योजनाएं तो निकालती हैं लेकिन उसका पैसा भी खा जाते हैं। जेएमएम पर निशाना साधते हुए कहा कि अबुआ आवास योजना, मईया सम्मान योजना यह सब भ्रष्टाचार का ठिकाना बन गई है। गठबंधन सरकार के संरक्षण में यहां पेपर लीक कराने वाले गिरोह चल रहे हैं। एक-एक पेपर बेचकर यहां के युवाओं का हक मारा जा रहा है। करोड़ों-करोड़ों रुपये कमाया जा रहा है। राज्य की झारखंड सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। जेएमएम सरकार ने पेपर लीक करवाकर युवाओं की जिंदगी को तबाह कर रखा है। पीएम मोदी ने जनता से सवाल करते हुए पूछा कि क्या जेएमएम, कांग्रेस की सरकार भला कर सकती है क्या? राज्य सरकार गरीब का पैसा डकार रहे हैं। जल जीवन मिशन में पानी के काम में भ्रष्टाचार कर रहे हैं।  राज्य की गठबंधन सरकार पैसे की ऐसी बंदरबांट कर रहे हैं, जो यहां नेताओं के नौकरों के घर से पकड़े जाते हैं।

आगे कहा कि जेएमएम, कांग्रेस वाले मैराथन कराने में लगे हैं। अब जब गठबंधन सरकार जाने वाली है तो जेएमएम ने भ्रष्टाचार की स्पीड बढ़ा दी है। हाल ही में राज्य में अधिकारियों के हजारों ट्रांसफर हुए हैं। यहां पोस्टिंग के बहाने जेएमएम करोड़ों रुपये का खेल कर रही है, लेकिन यह खेल अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। जल्द ही झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी और लूट का पाई पाई का हिसाब भी होगा।

आज झारखंड को वे लोग चला रहे हैं जो झारखंड को बदलना चाहते हैं मिट्टी में मिलाना चाहते हैं। यह कांग्रेस जेएमएम की सरकार हमेशा आदिवासी समाज को ठगा है। आदिवासी समाज को कभी आगे बढ़ने नहीं दिया। आज गठबंधन सरकार झारखंड को बलि चढ़ा करके वोट बैंक का खेल खेल रहे हैं। संथाल परगना इसका जीता जागता सबूत है। संथाल में आज आदिवासी आबादी लगातार कम हो रही है और वहां घुसपैठियों की आबादी बढ़ रही है। डेमोग्राफी में इतना तेज बदलाव के साथ आदिवासियों और हिंदुओं की घटती हुई आबादी के लिए जेएमएम और कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है।

डेमोग्राफी में बदलाव को लेकर पीएम ने सवाल उठाया और जनता से पूछा कि झारखंड में बदलाव आप लोगों को दिख रहा है या नहीं? घुसपैठिए यहां की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं कि नहीं? आदिवासी समाज की बेटियां इनके निशाने पर हैं कि नहीं? पीएम ने कहा कि जनता को ये सारे बदलाव दिखते हैं लेकिन जेएमएम सरकार को यह नहीं दिखता है। हाईकोर्ट भी इस गंभीर मामले में चिंता व्यक्त रही है। आज जो यह झारखंड का हाल है यह जेएमएम और कांग्रेस की सत्ता के भूख का नतीजा है।

परिवर्तन यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान झारखंड के हर गांव से एक दर्द दिखता था, एक आह सुनाई देती थी। परिवर्तन यात्रा में रोटी, बेटी और माटी तीनों को बचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की लड़ाई रोटी, बेटी और माटी बचाने की लड़ाई है। आगे कहा कि झारखंड में कुछ ही महीनों में भाजपा की सरकार बनेगी। पीएम मोदी ने गारंटी देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनेगी तो रोटी, बेटी माटी की सुरक्षा सुनिश्चित कर दी जाएगी।

हेमंत सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि आज चुनाव नजदीक है तो जेएमएम झूठे वादे के बदौलत अपने आप को बचाना चाहती है। गठबंधन सरकार 5 साल तक जनता का हक छीना और अब बड़े-बड़े वादे कर जनता के आंखों में धूल झोंकना चाहती है। पीएम लोगों से अपील की कि झारखंड के लोगों को झूठ की दुकान वालों से सावधान रहने की जरूरत है।

आगे कहा कि राज्य में झूठ की नई जलेबियां परोसनी जा रही है। जेएमएम सरकार को जलेबियां परोसने से पहले पुराना हिसाब देनी चाहिए। कांग्रेस, जेएमएम की सरकार ने बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, युवाओं को भर्ती के नाम पर नौकरी देने का वादा किया थ, लेकिन मिला क्या? उल्टे नौकरी के नाम पर युवाओं की मौत हो गई। हर महीना 2 हजार रुपया चूल्हा भत्ता देने का वादा किया था, विधवा महिलाओं को हर महीने पेंशन देने की बात कही थी, शादी के दौरान लड़कियों को सोने का सिक्का कई वादे किए थे, लेकिन  हेमंत सोरेन की सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। पीएम सवाल उठाते हुए कहा कि नेताओं के घरों के अलमारियों से करोड़ों रुपये के नोटों के बंडल मिले उसमें सोने के सिक्के दब गए थे क्या?

आज चुनाव नजदीक है तो अब नई झूठ, नई जलेबियां, नई वादे देने निकले हैं। पीएम ने कहा कि झारखंड का विकास, केवल भाजपा और एनडीए की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड को मुख्य धारा से जोड़ने का काम सिर्फ भाजपा ने ही किया है। कांग्रेस ने आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार से वंचित रखा है। उनके सरकार में अच्छे स्कूल नहीं खोले गए। कांग्रेस हमेशा एसटी, एससी  का विरोध करती रही है। आरक्षण नहीं देना चाहती है। जब तक बीजेपी है एसटी, एससी का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता है। आज जो परिवर्तन यात्रा यहां पूरी हुई है, झारखंड के लिए नई सुबह की शुरुआत होगी। पीएमन कहा कि राज्य में एक ही नारा है रोटी, बेटी और माटी बचाने का। इसके लिए हम झारखंड में परिवर्तन लाकर रहेंगे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.