राँची: हॉकी इंडिया ने गुरुवार को 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की जो एफआईएच प्रो लीग 2023-24 के बेल्जियम और इंग्लैंड चरण में भाग लेगी। सलीमा टेटे टीम की कप्तान होंगी जबकि मिडफील्डर नवनीत कौर को उनका डिप्टी बनाया गया है।
सलीमा को हाल ही में छठे हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार 2023 में महिला वर्ग में प्लेयर ऑफ द ईयर 2023 के लिए प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
बेल्जियम चरण 22 मई को शुरू होगा और 26 मई को समाप्त होगा जबकि इंग्लैंड चरण 1 जून को शुरू होगा और 9 जून को समाप्त होगा। भारत 22 मई को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दोनों चरणों में अर्जेंटीना, बेल्जियम, स्पेन, ग्रेट ब्रिटेन और जर्मनी के खिलाफ दो-दो बार खेलेगा। भारत फिलहाल आठ मैचों में आठ अंक लेकर छठे स्थान पर है।