गिरिडीह: सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी से नई दिल्ली में मिलकर उनके साथ झारखंड में लघु व सूक्ष्म उद्योग को बढ़ावा देने और झारखंड में ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने और रोजगार के अवसर पैदा करने को लेकर चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को झारखंड में गंभीरता और कुशलता के साथ चलाने की जरूरत है। यहां के नौजवानों को रोजगार मिले इसको लेकर व्यावहारिक रूप से ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन व्यावहारिक रूप से किया जाना आवश्यक है। विभाग अंतर्गत जितनी भी योजनाएं हैं उसको धरातल पर उतारकर लोगों को व्यापक रूप से जोड़े जाएं।उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर ही झारखंड में पलायन को रोका जा सकेगा। बातचीत के क्रम में केंद्रीय मंत्री ने शीघ्र झारखंड दौरा करने की बात भी कही। इससे पहले सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने नरेंद्र मोदी सरकार में उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी।