NEWS7AIR

सातवें चरण के चुनाव में गोड्डा, राजमहल और दुमका के 53,23,886 मतदाता करेंगे मतदान : के. रवि कुमार

तीन संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 27,00,538 पुरुष, 26,23,315 महिला समेत 33 ट्रांसजेंडर मतदाता

 

रांची:  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि सातवें चरण के चुनाव के तहत 1 जून को गोड्डा, राजमहल और दुमका में होने वाले मतदान  निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए बाइक सवार क्विक रिस्पांस टीम की भी तैनाती की गयी है। पूर्व में कुछ क्षेत्रों में नक्सली गतिविधि थी, लेकिन वर्तमान में इलाके में नक्सली गतिविधि का कोई खुफिया इनपुट नहीं है। दुमका के तीन बूथों को बदला गया है।

उन्होंने बताया कि तीन संसदीय निर्वाचन क्षेत्र गोड्डा, राजमहल और दुमका में कुल मतदाताओं की संख्या 53,23,886 है। जिसमें 27,00,538 पुरुष, 26,23,315 महिला समेत 33 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। वहीं कुल बूथों की संख्या 6258 है। इनमें से 489 बूथ शहरी इलाके में और 5769 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में हैं। 241 बूथों की कमान महिलाओं के हाथों में होगी। जबकि 7 बूथों पर दिव्यांग और 11 पर युवा मतदान की सारी व्यवस्था संभालेंगे। 18 बूथ यूनिक हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राजमहल (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 17,04,671 मतदाता एक जून को मतदान में हिस्सा लेंगे। इनमें 8,51,165 पुरुष, 8,53,496 महिला और 10 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2020 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 127 शहरी क्षेत्र में और 1893 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 166 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं के द्वारा संचालित होंगे। इसी तरह 3 बूथ दिव्यांगों द्वारा और 6 बूथ युवाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। यहां के 5 बूथ यूनिक कैटेगरी में हैं।

दुमका (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 15,91,061 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। इनमें 7,99,045 पुरुष, 7,92,010 महिला और 6 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1891 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 105 शहरी क्षेत्र में और 1786 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में हैं।इस निर्वाचन क्षेत्र में 70 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं के द्वारा संचालित होंगे। इसी तरह 1 बूथ दिव्यांगों द्वारा और 3 बूथ युवाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। यहां के 11 बूथ यूनिक कैटेगरी में हैं।

गोड्डा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 20,28,154 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। इनमें 10,50,328 पुरुष, 9,77,809 महिला और 17 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2347 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 257 शहरी क्षेत्र में और 2090 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में हैं।

इस निर्वाचन क्षेत्र में 5 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं के द्वारा संचालित होंगे। इसी तरह 3 बूथ दिव्यांगों द्वारा और 2 बूथ युवाओं द्वारा संचालित किये जाएंगे। यहां के 2 बूथ यूनिक कैटेगरी में हैं।

उन्होंने ने जानकारी दी कि राजमहल में 14 और गोड्डा तथा दुमका में 19-19 उम्मीदवार हैं। बताया कि दुमका, राजमहल और गोड्डा के हर बूथ की कंट्रोल रूम से वेब कास्टिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर भीतर और बाहर एक-एक कैमरे लगाये गये हैं। पर्यवेक्षक भी परिस्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मी पहुंच गए हैं। सभी मतदान कर्मी मतदान के बाद उसी दिन वापस लौटेंगे। बारिश की आशंका के बीच मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर हर संभव व्यवस्था की गयी है। मतदान के दिन दूरस्थ इलाके के मतदाताओं को वाहन से मतदान केंद्र तक लाने और ले जाने की व्यवस्था की गयी है। वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं को भी मतदान केंद्र तक लाने की व्यवस्था बनायी गयी है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इस बार दिनभर मतदान है, समय निकाल कर परिवार और पड़ोसी संग मतदान जरूर करें।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के मद्देनजर हर बूथ पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। चुनाव वाले क्षेत्र से जुड़े बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा सील कर दी गयी है। बाइक सवार क्विक रिस्पांस टीम की भी तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि देवघर में चुनाव कार्य से जुड़े एक प्राइवेट बस के ड्राइवर की मौत हो गयी है। उसके परिजनों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक झारखंड में 134 करोड़, 75 लाख की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.