NEWS7AIR

कोकर में किराएदार युवतियों से दुर्व्यवहार मामले में दो और गिरफ्तार; अब तक कुल 4 हिरासत में

रांची: सदर पुलिस ने कोकर के भावनानगर में दो महिला किराएदारों के साथ हुई बदसलूकी और उत्पीड़न के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने एक महिला और एक विधि विरुद्ध किशोर (Juvenile) को पकड़ा, जिससे इस मामले में गिरफ्तार होने वालों की कुल संख्या चार हो गई है।

ताजा गिरफ्तारियां 29 मार्च को हुई शुरुआती गिरफ्तारियों के बाद, डीएसपी (सदर) संजीव बेसरा और थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने आज फिर दबिश दी। पुलिस ने भावनानगर, रोड नंबर 05 निवासी मुकेश कुमार श्रीवास्तव की पत्नी गुंजा श्रीवास्तव (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही, इस अपराध में शामिल एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध (Apprehend) किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 29 मार्च 2026 को सामने आई थी, जब माधुरी देवी के घर में किराए पर रह रही दो युवतियों—काजल मुंडा और आकांक्षा रिचर्ड—के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया था। पीड़ितों की लिखित शिकायत पर सदर थाना में कांड संख्या 146/2026 दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 115(2), 74, 76, 78(2), 351(2), 3(5) और SC/ST एक्ट की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत दर्ज है।इससे पहले, पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी पंकज कुमार उर्फ पंकज कुमार सिंह और संताना कुमारी उर्फ संताना मछुआ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पुलिस की मुस्तैद कार्रवाई: वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सिटी एसपी, रांची के निर्देश पर सदर पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर रही है। आज की छापेमारी टीम में सब-इंस्पेक्टर अभय कुमार, विकास प्रसाद, निर्भय कुमार और एएसआई उदय राम व विजय राम सहित सदर थाना का रिजर्व बल शामिल था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और वंचित वर्गों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.